हरियाणा BJP अध्यक्ष की कुर्सी पर सियासी हलचल तेज!: कसौली में दर्ज FIR से बडौली की कुर्सी खतरें में, सियासी गलियारों में अजय गौड़ समेत ये 5 नाम सबसे आगे?
हरियाणा BJP अध्यक्ष की कुर्सी पर सियासी हलचल तेज!

हरियाणा : हरियाणा बीजेपी में इन दिनों कुर्सी की राजनीति चरम पर है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की कुर्सी डांवाडोल है और दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक सत्ता गलियारों में एक ही चर्चा है आखिर हरियाणा BJP का नया अध्यक्ष कौन होगा? दिसंबर का महीना पार्टी के लिए ‘सर्जिकल री-ऑर्गनाइजेशन’ का समय माना जा रहा है, क्योंकि नए अध्यक्ष का चयन 2029 के लोकसभा–विधानसभा चुनाव और 2027 के पंजाब चुनाव को ध्यान में रखकर होना है। यानी यह सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि पूरा “चुनावी साम्राज्य” संभालने की जिम्मेदारी है।

मोहन लाल बडौली की कुर्सी पर खतरा क्यों?

आपको बता दें कि मोहन लाल बडौली के समर्थक चाहते हैं कि उन्हें दोबारा मौका मिले, लेकिन विरोधियों ने हिमाचल के कसौली में दर्ज FIR को हथियार बनाकर केंद्र में लॉबीइंग तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महीनों से ठंडी पड़ी यह ‘एंटी-बडौली मुहिम’ अब अचानक फिर गर्म हो गई है।

कुर्सी का असली खेल; मनोहर लाल और CM सैनी की जुगलबंदी :

गौरतलब है कि हरियाणा में संगठन की बागडोर केंद्रिय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की आपसी तालमेल से चल रही है। दोनों की सहमति के बिना नए अध्यक्ष पर मुहर लगना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि मनोहर लाल के पसंदीदा 3 नामों को दिल्ली में “स्पेशल पुश” मिल रहा है। अगर मनोहर लाल राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो हरियाणा में उनकी मर्जी की ताजपोशी तय है।

5 नामों की गुप्त शॉर्टलिस्ट लीक; जानें कौन आगे, कौन पीछे?

विदित है कि जातीय और राजनीतिक समीकरण देखकर BJP ने 5 नामों पर फोकस किया है। ये नेता प्रदेश के सियासी पलटवार का चेहरा बन सकते हैं:

 1. अजय गौड़ (ब्राह्मण) 

मनोहर लाल के बेहद विश्वसनीय। CM रहते इनके राजनीतिक सचिव रहे। दिल्ली में इनकी दावेदारी सबसे मजबूती से पेश की जा रही है।

 2. कृष्ण पंवार (SC) 

सशक्त ग्राउंड कनेक्ट, CM सैनी और मनोहर लाल दोनों की पैरवी। पंजाब चुनावों को देखते हुए SC चेहरे की संभावनाएं बढ़ीं।

 3. संजय भाटिया (पंजाबी) 

पूर्व सांसद, संगठन में मजबूत पकड़। दिल्ली के गलियारों में इनका नाम तेजी से चल रहा है।

 4. सुरेंद्र पुनिया (जाट) 

जाट वोटबैंक को साधने के लिए BJP का संभावित दांव। 2029 हरियाणा चुनाव रणनीति का बड़ा कार्ड बन सकते हैं।

 5. कृष्ण बेदी (वाल्मीकि) 

सामाजिक न्याय मंत्री, पंजाब और हरियाणा दोनों में वाल्मीकि वोट पर असर। पार्टी के भीतर इनकी शांत लेकिन मजबूत पकड़।

क्या बडौली को मिलेगा दूसरा मौका?

आपको बता दें कि यदि BJP ब्राह्मण कार्ड खेलना चाहे तो दो नाम बचते हैं—
●मोहन लाल बडौली
●अजय गौड़

लेकिन कथित FIR विवाद और संगठन में विरोध के चलते बडौली की राह मुश्किल मानी जा रही है। इसीलिए गौड़ की दावेदारी सबसे आगे बताई जा रही है।

सीनियर नेताओं की रणनीति; “कौन बनेगा कप्तान?”

सूत्रों की मानें तो मनोहर लाल चाहते हैं कि साफ छवि वाला नेता, ग्राउंड कनेक्ट मजबूत, केंद्र के आदेशों को बिना शोर के लागू करने वाला अध्यक्ष चाहते हैं। वहीं CM सैनी चाहते हैं कि ऐसा अध्यक्ष जो संगठन और सरकार के बीच तालमेल बनाए रखे। इसके चलते गौड़ और पंवार दोनों शीर्ष सूची में हैं।

कब होगा बड़ा ऐलान?

BJP हाईकमान दिसंबर के मध्य में हरियाणा का नया अध्यक्ष घोषित कर सकता है। यह फैसला प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल देगा। 2029 का चुनाव कौन लड़ेगा, कौन जीतेगा। इस पर भी इसका बड़ा असर होगा।

एक तरफ बडौली की कुर्सी खतरे में है, दूसरी तरफ पांच दावेदारों का दिल्ली दौड़ते-भागते लॉबीइंग करना। मनोहर लाल की पसंद, CM सैनी की सहमति और हाईकमान का तीर तय करेगा कि हरियाणा BJP का नया चेहरा कौन होगा। घोषणा जैसे ही होगी, हरियाणा की राजनीति नया मोड़ ले लेगी।

अन्य खबरे