25 फ़रवरी से शुरू होगी 10वीं-12वीं हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं!: हर आंसर शीट पर होंगे QR कोड और बारकोड, मात्र 2 किमी पर होंगे सेंटर वही नकल पर...
25 फ़रवरी से शुरू होगी 10वीं-12वीं हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं!

हरियाणा : प्रदेश में 10वीं और 12वीं के लाखों छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा को लेकर अब तक का सबसे बड़ा अपडेट सामने आया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस बार परीक्षाएं 25 फरवरी से संभावित रूप से शुरू होंगी और व्यवस्था पहले से कहीं ज्यादा सख्त, टेक्नोलॉजी आधारित और छात्र-अनुकूल होगी। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं तक, हर स्तर पर बदलाव किया गया है ताकि नकल पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके और छात्रों को अनावश्यक परेशानी न हो।

2 किलोमीटर के दायरे में ही मिलेगा परीक्षा केंद्र :
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस बार बोर्ड ने छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी है। बोर्ड का फैसला है कि :
●किसी भी छात्र का परीक्षा केंद्र उसके स्कूल या गांव से 1 से 2 किलोमीटर से ज्यादा दूर नहीं होगा
●नए परीक्षा केंद्र सिर्फ वहीं बनाए गए हैं, जहां छात्रों की संख्या ज्यादा बढ़ी है
लक्ष्य है कि कोई भी छात्र लंबी दूरी तय करने को मजबूर न हो। बोर्ड का मानना है कि नजदीकी सेंटर से तनाव कम होगा, समय पर पहुंच सुनिश्चित होगी और अभिभावकों की चिंता घटेगी।

5.21 लाख छात्र देंगे परीक्षा, रिकॉर्ड बढ़ोतरी :
इस साल हरियाणा बोर्ड परीक्षा में छात्रों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है—
10वीं: 2,78,334 छात्र
12वीं: 2,43,461 छात्र
कुल: 5,21,795 परीक्षार्थी
पिछले साल की तुलना में 56,468 छात्र ज्यादा परीक्षा देंगे जिसमें 12वीं में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, CBSE समेत दूसरे बोर्ड से भी बड़ी संख्या में छात्रों ने हरियाणा बोर्ड में एनरोलमेंट कराया है, जो बोर्ड पर बढ़ते भरोसे का संकेत माना जा रहा है।

आंसर शीट पर QR कोड और बारकोड, हर पेज रहेगा ट्रैक :
विदित है कि इस बार परीक्षा प्रणाली में टेक्नोलॉजी की सबसे मजबूत एंट्री हुई है हर उत्तर पुस्तिका में डायनामिक QR कोड, हर पेज पर अलग QR कोड, प्रश्न पत्रों में पहले की तरह अल्फा-न्यूमेरिक कोड और आकलन और मूल्यांकन सिस्टम पूरी तरह ट्रैक्ड प्रणाली लागू की गई है। इसका सीधा फायदा यह है कि आंसर शीट बदलना नामुमकिन होगा साथ ही इस प्रक्रिया से फर्जी कॉपी या छेड़छाड़ पर तुरंत पकड़ के रिजल्ट प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी किया जायेगा।

नकल पर जीरो टॉलरेंस, चेयरमैन की दो टूक :
आपको बता दें कि डॉ. पवन कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि “बोर्ड नकल रहित परीक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर ढील बर्दाश्त नहीं होगी। परीक्षार्थी हो या परीक्षक, नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई तय है।” इस बार उड़नदस्ते, पर्यवेक्षक और तकनीकी निगरानी तीनों स्तरों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रश्नपत्र से लेकर सेंटर अलॉटमेंट तक तैयारी पूरी :
बोर्ड के मुताबिक परीक्षा केंद्रों का चयन लगभग फाइनल हो चुका है। प्रश्न पत्र और आंसर शीट की छपाई तैयार है। और समयबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया चल रही है। अंतिम डेटशीट जल्द जारी की जाएगी

हरियाणा बोर्ड की यह परीक्षा सिर्फ एक इम्तिहान नहीं, बल्कि सिस्टम में बड़े सुधार और भरोसे की परीक्षा है।
नजदीकी सेंटर, रिकॉर्ड छात्र संख्या, QR-बारकोड से लैस आंसर शीट और नकल पर सख्ती। इन सब तरीकों से इस बार 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा इतिहास की सबसे सख्त और हाई-टेक परीक्षा बनने जा रही है।

अन्य खबरे