IRS अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म के बाद हत्या में अहम खुलासे!: चार्जर केबल से गला घोटकर की थी हत्या, जानें कैसे घर के पूर्व नौकर ने रची बर्बरता की साजिश, पूछताछ, CCTV और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए चौकाने वाले खुलासे?
IRS अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म के बाद हत्या में अहम खुलासे!

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल में एक ऐसी वारदात हुई है जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 22 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा, जो IIT दिल्ली से इंजीनियर थी और UPSC की तैयारी कर रही थी, की उसके पूर्व नौकर ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया, फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया।

कौन थी पीड़िता?

आपको बता दें कि पीड़िता 22 वर्षीय युवती थी, जो अपने परिवार की आंखों का तारा थी। उसने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरकेपुरम से 12वीं की पढ़ाई की थी और IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग पूरी की थी। फिलहाल वह UPSC की तैयारी कर रही थी। परिवार के अनुसार, वह अपने पहले ही प्रयास में सफलता को लेकर आश्वस्त थी। उसके पिता भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में वरिष्ठ अधिकारी हैं, मां एक बड़े अस्पताल में डॉक्टर हैं और बड़ा भाई मुंबई की एक MNC कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत है। पढ़ाई के साथ-साथ उसकी शास्त्रीय नृत्य में भी गहरी रुचि थी और उसने कई पुरस्कार हासिल किए थे।

कैसे हुई वारदात?

गौरतलब है कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे, युवती के माता-पिता जिम चले गए। उन्होंने घरेलू सहायक के लिए चाबी घर के बाहर रख दी थी। युवती घर पर अकेली थी। इसी दौरान, डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाला गया पूर्व नौकर राहुल मीणा (19) घर में घुस आया। आरोपी ने युवती को बंधक बनाकर लॉकर खोलने को कहा। मना करने पर उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने युवती के चेहरे को बुरी तरह नोंचा, नाक की हड्डी तोड़ दी और शरीर के अन्य हिस्सों में भी फ्रैक्चर पहुंचाया। अंत में, उसने मोबाइल चार्जर की केबल से युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। सुबह करीब 8 बजे जब माता-पिता जिम से लौटे, तो उन्होंने बेटी को फर्श पर खून से लथपथ पाया। उन्होंने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कैसे पकड़ा आरोपी?

विदित है कि पुलिस ने करीब 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के आने-जाने का रूट ट्रेस किया। आरोपी को द्वारका के एक ओयो होटल से गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

हत्या के पीछे की वजह; ऑनलाइन गेमिंग की लत

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी राहुल मीणा 10वीं में 76% और 12वीं में 90% अंक लाने वाला होनहार छात्र था, लेकिन ऑनलाइन गेमिंग की लत ने उसे बर्बाद कर दिया। उसने ऑनलाइन गेम में लाखों रुपये हारे दोस्तों की आईडी से गेम खेलकर वह लाखों का कर्जदार हो गया। गेम में पैसा लगाने के लिए उसने अपनी 12वीं की मार्कशीट भी गिरवी रख दी। घर का सामान, बाइक और मोबाइल भी गिरवी रखे। पुलिस के अनुसार, नौकरी से निकाले जाने के बाद वह युवती और उसके परिवार के प्रति गुस्सा रखता था। इसी रंजिश और आर्थिक तंगी ने उसे यह जघन्य अपराध करने के लिए प्रेरित किया।

लग्जरी कारों के साथ रील बनाता था राहुल

आरोपी राहुल मीणा की इंस्टाग्राम प्रोफाइल से पता चला है कि वह बीएमडब्लू, मर्सिडीज और थार जैसी लग्जरी कारों के साथ रील बनाता था। उसके 109 फॉलोअर्स थे। उसकी आखिरी पोस्ट पिछले साल नवंबर में डाली गई थी, जिसमें वह लग्जरी गाड़ियों के पास खड़ा होकर वीडियो बनाता दिख रहा है।

घर का भयानक मंजर

आपको बता दें कि पुलिस जब घर पहुंची तो उनके भी रोंगटे खड़े हो गए। पूरे घर में खून बिखरा पड़ा था। फर्श, बिस्तर और दीवारों पर दूर-दूर तक खून के छींटे थे। फॉरेंसिक टीम को वहां से एक टूटा हुआ लैंप और खून से लथपथ पानी की बोतल मिली। सीढ़ियों पर युवती को घसीटे जाने के निशान थे। आरोपी ने वारदात के बाद बाथरूम में जाकर अपने हाथ-पैर और मुंह धोए, फिर कैश और जेवरात लेकर आराम से घर से निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में वह बड़े आराम से निकलता हुआ दिख रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ हुई बर्बरता के कई निशान मिले हैं। नाक की हड्डी टूटी हुई, शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर और चेहरे और छाती पर गंभीर चोटें मिली हैं। पांच डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों और क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

एक होनहार IITian, जिसने IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग की, शास्त्रीय नृत्य में पुरस्कार जीते और IAS बनने का सपना देखा था, उसकी जान एक ऑनलाइन गेम की लत से बर्बाद हुए युवक ने ले ली। यह घटना सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। घर के अंदर की जानकारी रखने वाले लोग ही सबसे बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। आईआरएस अधिकारी की बेटी का सपना अधूरा रह गया। उसके परिवार का सपना टूट गया। यह घटना हमें यह सिखाती है कि हमें अपने घरों में काम करने वालों पर नजर रखने के साथ-साथ ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते खतरे को भी गंभीरता से लेना होगा।

अन्य खबरे