देशभर में 'सिविल लाइन्स' का नाम बदलने की तैयारी!: औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति का लक्ष्य, आम भारतीयों को नहीं थी यहां एंट्री, वहीं 2047 तक...जानिए क्या है 'सिविल लाइन्स' का इतिहास और अंग्रेजों ने क्यों बनाया था यह सिस्टम?
देशभर में 'सिविल लाइन्स' का नाम बदलने की तैयारी!

नई दिल्ली : देश के शहरों की पहचान बदलने वाली एक बड़ी तैयारी सामने आई है। केंद्र सरकार अब देशभर के शहरों में मौजूद “सिविल लाइन्स” जैसे नामों को बदलने पर गंभीरता से विचार कर रही है। यह कदम केवल नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भारत को औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त करने के बड़े अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक, जब देश आज़ादी के 100 साल पूरे करेगा, तब तक ब्रिटिश काल की बची हुई हर निशानी को हटाकर भारत की अपनी सांस्कृतिक पहचान को स्थापित किया जाए।

क्या है पूरा मामला?

आपकी जानकारी के लिये बता दें कि सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने मंत्रालयों और विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे सभी नामों, प्रतीकों और संरचनाओं की पहचान करें, जो सीधे तौर पर ब्रिटिश शासन की याद दिलाते हैं। “सिविल लाइन्स” भी उसी कड़ी में आता है, एक ऐसा नाम जो अंग्रेजी हुकूमत के प्रशासनिक ढांचे से जुड़ा हुआ था।

आखिर ‘सिविल लाइन्स’ है क्या?

गौरतलब है कि “सिविल लाइन्स” कोई साधारण नाम नहीं, बल्कि अंग्रेजों की बनाई एक खास व्यवस्था थी। 18वीं-19वीं सदी में अंग्रेजों ने शहरों को तीन हिस्सों में बांटा। “सिविल लाइन्स” में रहते थे अंग्रेज अफसर; कलेक्टर, जज, कमिश्नर। यहां चौड़ी सड़कें, बड़े बंगले और क्लब होते थे। आम भारतीयों को इन इलाकों से दूर रखा जाता था। आज भी दिल्ली, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, जयपुर जैसे शहरों में “सिविल लाइन्स” इलाके उसी विरासत की पहचान बने हुए हैं।

सरकार क्यों बदलना चाहती है नाम?

सरकार के इस कदम के पीछे निम्नलिखित कारण हैं।

  • गुलामी की मानसिकता से पूरी तरह छुटकारा
  • भारतीय संस्कृति और पहचान को प्राथमिकता
  • आने वाली पीढ़ियों को “स्वदेशी सोच” देना

पिछले कुछ सालों में कई बड़े बदलाव इसी दिशा में किए गए हैं। इस दौरान राजपथ को कर्तव्य पथ, रेस कोर्स रोड को लोक कल्याण मार्ग नाम बदला गया है। इंडिया गेट की कैनोपी में बदलाव किया गया है। यह साफ संकेत है कि अब नामों के जरिए भी “नया भारत” गढ़ने की कोशिश हो रही है।

क्या सिर्फ नाम बदलना काफी है?

विदित है कि यहीं पर बहस भी तेज हो गई है। कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि आज “सिविल लाइन्स” पूरी तरह बदल चुके हैं। अब ये आम लोगों के रहन-सहन का हिस्सा हैं। नाम बदलने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं, सरकार और समर्थकों का मानना है नाम सिर्फ शब्द नहीं, सोच को दर्शाते हैं और औपनिवेशिक नाम हटाना मानसिक आज़ादी का हिस्सा है।

देशभर में पड़ेगा असर

विदित है कि अगर यह फैसला लागू होता है तो उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में असर होगा। सैकड़ों शहरों के इलाके नए नामों से पहचाने जाएंगे। सरकारी दस्तावेजों, नक्शों और पहचान में बड़े बदलाव होंगे।

आगे क्या होगा?

फिलहाल यह प्रस्ताव विचाराधीन है, लेकिन संकेत साफ हैं आने वाले समय में “सिविल लाइन्स” जैसे नाम धीरे-धीरे इतिहास बन सकते हैं। उनकी जगह भारतीय संस्कृति से जुड़े नए नाम सामने आएंगे।

यह बदलाव केवल नाम बदलने तक सीमित नहीं है। यह उस मानसिकता को बदलने की कोशिश है, जो सदियों की गुलामी के दौरान बनी थी।

अन्य खबरे