दिल्ली मास्टर प्लान 2041: NCR का बढ़ेगा दायरा, यमुना होगी साफ...मंजूरी का इंतजार; अमित शाह से मिली सीएम, बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा?
दिल्ली मास्टर प्लान 2041

नई दिल्ली : दिल्ली के भविष्य को नया आकार देने वाला "मास्टर प्लान 2041" अब जल्द ही हकीकत बन सकता है। पिछले दिनों दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच इस प्लान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली को एक आधुनिक, हरित और सुविधाजनक शहर बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। जानें बैठक में किन बातों पर चर्चा हुई।

 1. झुग्गियों की जगह पक्के मकान : 

आपको बता दें कि इस मेगाप्लान मे दिल्ली की झुग्गियों को हटाकर वहां रहने वालों को पक्के घर देने पर सहमति बनी है। यह काम दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की मदद से किया जाएगा।

 2. यमुना की सफाई और विकास : 

गौरतलब है कि प्लान के अनुसार यमुना नदी को साफ करने के लिए डिसेंट्रलाइज्ड सीवेज सिस्टम और बड़े नालों की मरम्मत पर जोर दिया जा रहा है। वजीराबाद से ओखला बैराज तक 22 किमी क्षेत्र को विकसित किया जाएगा।

 3. NCR (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) का विस्तार : 

विदित है कि दिल्ली की बढ़ती आबादी को आसपास के शहरों की ओर शिफ्ट करने की योजना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

 4. पर्यावरण और यातायात सुधार :

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस प्लान के तहत  ड्रेनेज सुधार, बाढ़ से बचाव और अतिक्रमण रोकने के लिए प्रावधान किये गए हैं। वहीं सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और सड़कों को स्मार्ट बनाने पर फोकस किया गया है।

प्लान में और क्या होगा?

आपको बता दें कि इस मेगाप्लान में 125 सेक्टरों को रेसिडेंशियल, कमर्शियल और रिटेल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। IT, AI और बायोटेक सेक्टर के लिए इनोवेशन हब जैसे केंद्र कंझावला और बापरोला में बनेंगे। लाल डोरा संपत्तियों की फ्री रजिस्ट्री और 48 गांवों का शहरीकरण किया जाएगा। साथ ही पुरानी दिल्ली से थोक बाजारों को बाहर शिफ्ट करने की योजना भी प्लान में है।

यह प्लान अब तक क्यों अटका था?

विदित है कि 2023 में डीडीए ने इसका मसौदा केंद्र को भेजा था, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली थी। अब शाह-रेखा बैठक के बाद इसे हरी झंडी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

मंत्रियों का क्या कहना है?

गौरतलब है कि मंत्री प्रवेश साहिब सिंह बोले: "यह सिर्फ कागज का प्लान नहीं, बल्कि दिल्ली का भविष्य तय करेगा।" वहीं मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा बोले: "यह प्लान दिल्ली को स्मार्ट और टिकाऊ शहर बनाएगा।"

दिल्ली मास्टर प्लान 2041 सिर्फ एक प्लान नहीं, बल्कि आने वाले 20 सालों में दिल्ली को स्मार्ट, क्लीन और सस्टेनेबल बनाने की एक बड़ी कोशिश है। अगर इसे जल्द मंजूरी मिल जाती है, तो दिल्ली की तस्वीर बदलना तय है।

अन्य खबरे