नई दिल्ली : दिल्ली की सबसे व्यस्त और चर्चित आईटी मार्केट नेहरू प्लेस का कायाकल्प होने जा रहा है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इस ऐतिहासिक व्यवसायिक केंद्र को नया रूप देने के लिए 17.63 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। जल्द ही यहां की दीवारें कलाकृतियों से सजी होंगी, फुटपाथ चमकेंगे और आधुनिक वेटिंग एरिया आपका स्वागत करेंगे।
दीवारों पर उकेरे जाएंगे ‘दिल्ली के इतिहास के रंग’ :
आपको बता दें कि डीडीए ने नेहरू प्लेस की दीवारों पर दिल्ली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हस्तशिल्प पेंटिंग्स बनवाने की योजना बनाई है। इसके लिए ई-निविदा जारी कर दी गई है और लाख रुपये का बजट तय किया गया है। यह कार्य दिन में पूरा किया जाएगा। अब मेट्रो स्टेशन के आसपास की दीवारें सिर्फ कंक्रीट नहीं होंगी, बल्कि दिल्ली की कहानी कहती दिखेंगी।
सड़कें और फुटपाथ भी होंगे री-डिजाइन :
गौरतलब है कि नेहरू प्लेस मार्केट के फुटपाथ और सड़कों की हालत पिछले कुछ वर्षों से बदतर हो चली थी। देविका टॉवर के पास ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के दौरान सड़कें खुद गईं और फुटपाथ टूट गए। अब DDA उन्हें फिर से नई चमक और मजबूती देने के लिए तैयार है। 1.78 लाख रुपये का बजट इस काम के लिए निर्धारित है और 30 दिनों में काम पूरा करने का टारगेट है।
कालकाजी कॉम्प्लेक्स से बना ‘नेहरू प्लेस’, अब बनेगा ग्लोबल फेस :
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 1960 के दशक में यह स्थान कालकाजी कॉम्प्लेक्स के रूप में अस्तित्व में आया था, लेकिन 1980 के बाद इसका नाम बदलकर नेहरू प्लेस कर दिया गया। यहां IT कंपनियों के हेडक्वार्टर, थोक इलेक्ट्रॉनिक बाज़ार, रेस्टोरेंट, कैफे और मेट्रो एक्सेस जैसी सुविधाएं हैं। लेकिन समय के साथ इसकी रंगत फीकी पड़ने लगी थी। अब उसे फिर से ‘ग्लोबल फेस’ बनाने की कवायद शुरू हो चुकी है।
मंडियों का भी होगा कायकल्प :
गौरतलब है कि नेहरू प्लेस के साथ-साथ दिल्ली की सभी मंडियों का कायाकल्प भी सरकार के एजेंडे में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कर दिया है कि राजधानी की मंडियों को आधुनिक, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सुसज्जित किया जाएगा।
जानें क्या क्या लिए गए प्रमुख फैसले :
●कूड़ा प्रबंधन के लिए आधुनिक वेस्ट प्लांट लगाया जाएगा
●लावारिस पशुओं पर एमसीडी की मदद से रोक
●सीसीटीवी निगरानी, प्राथमिक चिकित्सा, पीने के पानी और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
●जलभराव और दुर्गंध से निजात दिलाने के लिए सीवर लाइनों की मरम्मत
●अन्य राज्यों की आधुनिक मंडियों का मॉडल अपनाया जाएगा
मुख्यमंत्री का बड़ा बयान :
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि : "मंडियां सिर्फ व्यापार नहीं, किसानों और दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इन्हें साफ, सुरक्षित और टेक्नोलॉजी-फ्रेंडली बनाना हमारी प्राथमिकता है।"
नज़र रखेगी सरकार, होगा औचक निरीक्षण :
विदित है कि मुख्यमंत्री स्वयं इन मंडियों का औचक निरीक्षण करेंगी। उन्होंने ऑफिसर्स को आदेश दिया है कि वे ज़मीन और संसाधनों के साथ पैसे की कोई कमी न छोड़ें। दिल्ली की मंडियां अब परंपरागत की जगह हाईटेक होने के साथ आधुनिकता का आईना होंगी।
नेहरू प्लेस का कायाकल्प सिर्फ एक मार्केट की सुंदरता का मामला नहीं यह दिल्ली के विकास मॉडल को और बड़े लेवल पर ले जाने का संकेत है। अब दीवारों पर इतिहास, फुटपाथों पर सुविधा, मंडियों में तकनीक इन सबसे दिल्ली की तस्वीर बदलने वाली है।