वॉशिंगटन : दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में शुमार एलन मस्क ने अब अमेरिकी सियासत में ऐसा धमाका कर दिया है, जिसकी गूंज वॉशिंगटन से लेकर वॉल स्ट्रीट तक सुनाई दे रही है। टेस्ला और X (पूर्व ट्विटर) के मालिक मस्क ने अमेरिका में नई राजनीतिक पार्टी बनाने का एलान कर दिया है — और नाम रखा है 'द अमेरिका पार्टी'। यह कदम तब आया है जब मस्क के अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ रिश्ते बेहद तल्ख हो गए हैं। मस्क ने साफ कहा कि : "अमेरिका को अब एक नई पार्टी चाहिए जो 80 फीसदी आम लोगों की आवाज बने।"
X पर पोल, 56 लाख से ज्यादा लोगों ने दी राय :
आपको बता दें कि सबसे दिलचस्प बात यह है कि मस्क ने इस पहल से पहले X पर एक बड़ा पोल करवाया। उन्होंने पूछा कि : "क्या अमेरिका को नई सियासी पार्टी की जरूरत है?" पोल में 5.6 मिलियन (56 लाख से ज्यादा) लोगों ने हिस्सा लिया। हैरान करने वाला नतीजा यह रहा कि 80.4% लोगों ने समर्थन में वोट दिया।मस्क ने नतीजे शेयर करते हुए लिखा कि : "The people have spoken. अमेरिका को अब एक ऐसी पार्टी चाहिए जो 80% जनता की आवाज हो।" इसके बाद उन्होंने नई पार्टी का नाम भी इशारे में बता दिया — 'The America Party'।
ट्रंप से बढ़ी तकरार, 'चौंकाया' व्हाइट हाउस को :
गौरतलब है कि मस्क के इस एलान के बाद अमेरिकी सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। खासकर ट्रंप खेमे में बेचैनी है। दरअसल, हाल ही में मस्क ने ट्रंप सरकार के 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' की तीखी आलोचना की थी। उन्होंने इस बिल को 'घिनौना' बताया था। यह बिल 2.4 ट्रिलियन डॉलर के घाटे से जुड़ा है। इतना ही नहीं, 30 मई को मस्क ने 'डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी' (DOGE) के प्रमुख पद से इस्तीफा भी दे डाला।
टूटी दोस्ती, ट्रंप बोले- 'बहुत नाराज हूं' :
आपको बता दें कि 2016 से लेकर 2024 के चुनावों तक मस्क और ट्रंप के बीच रिश्ते बेहद करीबी थे। मस्क ने 220 मिलियन डॉलर से ज्यादा फंडिंग देकर ट्रंप का साथ दिया था। लेकिन अब माहौल बदल गया। गुरुवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि : "मैं एलन की बातों से हैरान और मायूस हूं। हमारे रिश्ते अच्छे थे, मैंने उसकी काफी मदद की थी। अब नहीं जानता कि हमारे रिश्ते कैसे रहेंगे।"
क्या 'द अमेरिका पार्टी' बदलेगी अमेरिकी सियासत का नक्शा? :
विदित है कि एलन मस्क की यह नई पार्टी ऐलान अमेरिकी राजनीति में भूचाल ला सकती है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि मस्क के पास बड़ी फॉलोइंग, असीम संसाधन और टेक्नोलॉजी आधारित ताकत है। अगर 'द अमेरिका पार्टी' को जनता का समर्थन मिला तो यह अमेरिका के टू पार्टी सिस्टम (डेमोक्रेट्स-रिपब्लिकन) में नई चुनौती बन सकती है।
एलन मस्क का 'द अमेरिका पार्टी' ऐलान अमेरिकी राजनीति में एक नया मोड़ ला सकता है। जहां एक ओर ट्रंप से उनकी दूरी अब खुलकर सामने आ गई है, वहीं 80% लोगों के समर्थन के बाद मस्क की इस पहल को नजरअंदाज करना अब किसी के लिए भी आसान नहीं होगा। क्या मस्क वाकई तीसरी राजनीतिक ताकत खड़ी करेंगे या यह ट्रंप के खिलाफ एक दबाव बनाने की रणनीति है, आने वाले हफ्ते अमेरिकी राजनीति में हलचल और तेज होने तय है।