रिश्तों का क़त्ल मानवता शर्मसार: 150 करोड़ की सम्पत्ति के लिए लालची बेटे ने पिता को गोलियों से भूना, 2018 में भाई पर हमला, वहीं विवाह मंडप और प्लॉटिंग...पूरा मामला_एक नजर
रिश्तों का क़त्ल मानवता शर्मसार

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, करोड़ों रुपये की पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। आरोप है कि 32 वर्षीय निखिल नेहरा ने अपने ही पिता हरिओम नेहरा की घर के आंगन में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

150 करोड़ की संपत्ति बनी विवाद की वजह

पुलिस के मुताबिक, हरिओम नेहरा गांव के बड़े किसानों में गिने जाते थे। उनके पास करीब 75 बीघा कृषि भूमि और अन्य व्यावसायिक संपत्तियां थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी निखिल काफी समय से पिता पर पूरी संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि हरिओम कुछ जमीन पर विवाह समारोह के लिए मंडप विकसित करना चाहते थे, जबकि निखिल उसी जमीन पर प्लॉटिंग करवाना चाहता था।

रिश्तेदारों ने कराया समझौता, फिर दोबारा शुरू हुआ विवाद

गौरतलब है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। परिवार और रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर के लिए माहौल सामान्य हो गया, लेकिन रिश्तेदारों के जाने के बाद विवाद फिर भड़क उठा। पुलिस के अनुसार, घर के आंगन में दोनों के बीच पहले बहस और फिर हाथापाई हुई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर पिता पर कई राउंड फायर कर दिए।

चार गोलियां लगीं, अस्पताल पहुंचते ही मौत

परिजनों के बयान के अनुसार आरोपी ने कई गोलियां चलाईं, जिनमें से चार हरिओम नेहरा के सिर, सीने, पेट और जांघ में लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चार गोली लगने की पुष्टि हुई है।

हत्या के बाद हथियार लेकर फरार हुआ आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। पुलिस को घटना की सूचना अस्पताल से मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं।

पुलिस जांच में सामने आई पुरानी रंजिश

विदित है कि पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है और लंबे समय से संपत्ति को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था। जांच में यह भी सामने आया है कि पिता ने उसे कुछ जमीन और दुकानें उपयोग के लिए दी थीं, लेकिन उनका नामांतरण नहीं कराया था। परिवार को आशंका थी कि यदि पूरी संपत्ति उसके नाम कर दी गई तो वह उसे बेच सकता है।

2018 में छोटे भाई पर भी हुआ था हमला

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वर्ष 2018 में संपत्ति विवाद के दौरान आरोपी का अपने छोटे भाई से भी गंभीर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, उस समय छोटे भाई को गोली लगी थी और वह लंबे इलाज के बाद बच गया था। हालांकि उस मामले में परिवार ने कानूनी कार्रवाई नहीं की थी।

शराब पीने और दोस्तों के साथ रहने की भी जांच

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी सुबह से अपने दोस्तों के साथ था और देर रात घर लौटा था। पुलिस इन जानकारियों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल किसकी थी और आरोपी तक वह कैसे पहुंची।

पुलिस हर एंगल से कर रही हैं जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। आरोपी के दोस्तों, उसके पुराने रिकॉर्ड और हत्या में इस्तेमाल हथियार की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

अन्य खबरे