गाजियाबाद; यूट्यूबर पर जानलेवा हमला करने वाले सगे भाई जीशान के बाद गुलफाम भी एनकाउंटर में ढेर!: योगी ने दी थी चेतावनी- बख्शेंगें नहीं, मात्र 48 घंटे में...जानें कौन है पूर्व-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम और पूरा मामला_एक नजर
गाजियाबाद; यूट्यूबर पर जानलेवा हमला करने वाले सगे भाई जीशान के बाद गुलफाम भी एनकाउंटर में ढेर!

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मंगलवार रात इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई गुलफाम भी पुलिस की गोली से मारा गया। इससे पहले रविवार को पुलिस ने जीशान को एनकाउंटर में मार गिराया था। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाइयों ने 27 फरवरी को दिनदहाड़े यूट्यूबर सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था।

इंदिरापुरम में देर रात हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी गुलफाम अपने एक साथी के साथ इंदिरापुरम इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। रात के समय एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक घुमाकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान बाइक फिसलने से दोनों आरोपी गिर गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक गोली एसीपी की बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली गुलफाम को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

14 चाकुओं से किया था हमला

आपको बता दें कि पुलिस जांच के मुताबिक, 27 फरवरी की सुबह दोनों भाइयों ने मिलकर यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला किया था। आरोपियों ने उनके ऑफिस में घुसकर चाकू से कई वार किए और गला काटने की भी कोशिश की। सलीम के शरीर पर सीने, पेट, गर्दन, बाजू और पैर में कुल 14 गहरे घाव पाए गए थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में रेफर किया गया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दिया था सख्त संदेश :

घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने साफ कहा था कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की और उनकी तलाश शुरू कर दी।

परिवार और गांव में सन्नाटा

गौरतलब है कि दोनों आरोपी अमरोहा जिले के सैदनंगली कस्बे के रहने वाले थे। उनके पिता बुनियाद अली लकड़ी का काम करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जाती है। परिवार में पांच बेटियां और दो बेटे थे। अब दोनों बेटों की एनकाउंटर में मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग हैरान हैं कि साधारण परिवार से जुड़े युवकों ने इतना बड़ा अपराध कैसे कर दिया।

जानें कौन था यूट्यूबर सलीम; चैनल पर लाखों व्यूज :

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हमले के शिकार यूट्यूबर सलीम वास्तिक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। उनके यूट्यूब चैनल पर लगभग 30 हजार सब्सक्राइबर और 20 लाख से ज्यादा व्यूज हैं। वे अक्सर धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाते थे। हमले से एक दिन पहले उन्होंने “नास्तिक होना क्या है” विषय पर वीडियो अपलोड किया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और हमले के पीछे के कारणों को भी विस्तार से जांचा जा रहा है। इस बीच 48 घंटे के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों के एनकाउंटर ने पूरे मामले को लेकर राज्य में चर्चा तेज कर दी है।

अन्य खबरे