दिल्ली की महिलाओं को हर महीने ₹2500: लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ये महिलाएं नहीं उठा सकेंगी इस योजना का लाभ...आवेदन की पूरी प्रक्रिया_एक नजर
दिल्ली की महिलाओं को हर महीने ₹2500

नई दिल्ली: दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योजना के ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ कर दिया है, जिसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य करीब 17 लाख महिलाओं को इसका लाभ पहुंचाना है।

कौन उठा सकेगा योजना का लाभ?

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच है। महिला या उसका परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का स्थायी निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना का लाभ एक परिवार की केवल एक पात्र महिला को मिलेगा।

किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?

सरकार ने योजना के लिए कुछ शर्तें भी तय की हैं। जिन परिवारों में तीन से अधिक बच्चे हैं, जिनके पास चार पहिया वाहन है, जिनकी सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट से अधिक है या परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी अथवा जीएसटी करदाता है, वे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।

हर महीने ₹2500 पाने के दो विकल्प

गौरतलब है कि योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1500 रुपये RD या FD में जमा किए जाएंगे, जबकि 1000 रुपये डिजिटल वॉलेट में भेजे जाएंगे, जिनका उपयोग घरेलू जरूरतों के लिए किया जा सकेगा। दूसरे विकल्प में लाभार्थी चाहें तो पूरे 2500 रुपये RD या FD में जमा कराने का विकल्प भी चुन सकती हैं, जिससे भविष्य के लिए बचत तैयार हो सके।

रक्षाबंधन पर मिल सकती है पहली किस्त

सरकार की योजना है कि पात्र महिलाओं के खातों में पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी जाए, ताकि उन्हें जल्द से जल्द आर्थिक सहायता मिल सके।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

विदित है कि आवेदन के लिए दिल्ली सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और बैंक खाते की जानकारी अपलोड करनी होगी। आवेदन जमा करने के बाद उसी पोर्टल पर उसकी स्थिति भी देखी जा सकेगी।

MLA या MP के समर्थन पत्र की भी होगी जरूरत

योजना के आवेदन की जांच कई चरणों में की जाएगी। आवेदन के सत्यापन के बाद अंतिम मंजूरी दी जाएगी। कई मामलों में स्थानीय विधायक (MLA) या सांसद (MP) का समर्थन पत्र भी आवश्यक हो सकता है। गलत जानकारी देने पर आवेदन निरस्त होने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देना, बचत की आदत को बढ़ावा देना और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करना है। सरकार का मानना है कि इससे लाखों महिलाओं को घरेलू खर्च संभालने के साथ-साथ भविष्य के लिए आर्थिक मजबूती भी मिलेगी।

अन्य खबरे