15 जुलाई से ट्रेन टिकट बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव!: IRCTC का 40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम होगा खत्म, अब नए पोर्टल से मिनटों में बुक होगी टिकट, कैप्चा-पॉपअप का झंझट खत्म समेत होंगे ये 4 बड़े बदलाव?
15 जुलाई से ट्रेन टिकट बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव!

नई दिल्ली : अगर आप अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं और IRCTC पर टिकट बुक करते समय कैप्चा, पॉप-अप और धीमी प्रक्रिया से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे 15 जुलाई से IRCTC का नया बीटा पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है। नए पोर्टल का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और यूजर फ्रेंडली बनाना है। इसमें कई ऐसे बदलाव किए गए हैं, जिनसे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुक करना काफी सरल हो जाएगा।

अब नहीं आएगा बार-बार कैप्चा, पॉप-अप से भी मिलेगी राहत

आपको बता दें क़ि नई वेबसाइट में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले कैप्चा और अनावश्यक पॉप-अप हटा दिए गए हैं। इसके अलावा वेबसाइट का इंटरफेस भी पूरी तरह बदला गया है, ताकि यूजर बिना किसी परेशानी के आसानी से टिकट बुक कर सकें।

एक ही स्क्रीन पर दिखेंगी सभी क्लास की सीटें

गौरतलब है क़ि अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास की सीट उपलब्धता देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। नई वेबसाइट में एक ही स्क्रीन पर स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी, फर्स्ट एसी सहित सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता दिखाई जाएगी। इससे टिकट बुकिंग पहले से कहीं अधिक आसान और तेज होगी।

फास्ट चेकआउट से मिनटों में होगी टिकट बुकिंग

रेलवे ने बुकिंग प्रक्रिया के कई अतिरिक्त स्टेप्स कम कर दिए हैं। अब चेकआउट प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी। साथ ही यात्रियों की जानकारी एक बार सेव करने के बाद अगली बार टिकट बुक करते समय वही जानकारी स्वतः भर जाएगी, जिससे दोबारा डिटेल दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जयपुर के छात्रों ने किया नए पोर्टल का पहला रिव्यू

विदित है क़ि लॉन्च से पहले IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) ने मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT), जयपुर के छात्रों को नए पोर्टल का लाइव डेमो दिखाया। छात्रों से वेबसाइट के यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए। दरअसल, इन्हीं छात्रों ने कुछ समय पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मौजूदा वेबसाइट की समस्याओं से अवगत कराया था।

रेल मंत्री के वादे के बाद हुआ बड़ा बदलाव

कुछ सप्ताह पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से मुलाकात के दौरान भरोसा दिलाया था कि 15 जुलाई तक टिकट बुकिंग पोर्टल को अधिक आधुनिक और आसान बनाया जाएगा। अब उसी वादे को पूरा करते हुए रेलवे नया बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है।

तत्काल टिकट में बॉट्स पर भी कसेगा शिकंजा

आपको बता दें क़ि रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग में फर्जी बुकिंग और ऑटोमैटिक बॉट्स के इस्तेमाल को रोकने के लिए भी नए सुरक्षा उपाय जोड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी स्तर पर लगातार सुधार किए जा रहे हैं ताकि वास्तविक यात्रियों को टिकट आसानी से मिल सके।

40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम भी बदलेगा

रेलवे सिर्फ वेबसाइट ही नहीं, बल्कि 1986 से चल रहे पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी आधुनिक तकनीक के साथ अपग्रेड कर रहा है। नए सिस्टम के लागू होने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड, स्थिरता और क्षमता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

यात्रियों को क्या होगा सबसे बड़ा फायदा?

नई IRCTC वेबसाइट आने के बाद टिकट बुकिंग पहले से तेज, आसान और कम समय में पूरी होगी। कैप्चा और पॉप-अप की झंझट खत्म होगी, सीट उपलब्धता एक नजर में दिखाई देगी, सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स से दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा और तत्काल टिकट बुकिंग में फर्जीवाड़े पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। रेलवे का मानना है कि ये बदलाव करोड़ों यात्रियों के ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव को पहले से कहीं बेहतर बना देंगे।

अन्य खबरे