दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी!: अब एक छत के नीचे सारी सरकारी सुविधाएं, अगले 3 दिन इन 42 स्थानों पर लगेंगे जन कल्याण शिविर...मिलने वाली सुविधाएं और आवश्यक दस्तावेज_एक नज़र
दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी!

नई दिल्ली : दिल्ली के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और अलग-अलग विभागों के चक्करों से राहत देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राजधानी में 18 जून से 20 जून 2026 तक 42 स्थानों पर विशेष जन कल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की कई योजनाओं और सेवाओं की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, इन शिविरों का मकसद सरकार की सेवाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि पात्र नागरिकों को बिना परेशानी और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मिलेंगी सुविधाएं

आपको बता दें कि जन कल्याण शिविरों का संचालन रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। ज्यादातर शिविर स्कूल परिसरों में लगाए जाएंगे, जहां लोगों के बैठने और सहायता के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इन शिविरों में दिल्ली जल बोर्ड, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, ऊर्जा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। कई समस्याओं और आवेदनों का समाधान मौके पर ही करने की व्यवस्था होगी।

आधार, राशन कार्ड से लेकर पेंशन तक की सुविधा

गौरतलब है कि इन शिविरों में नागरिकों को कई जरूरी सेवाओं का लाभ मिलेगा। इनमें आधार कार्ड पंजीकरण और अपडेट, राशन कार्ड से जुड़ी सेवाएं, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाता खोलने में सहायता, पिंक कार्ड, पेंशन योजनाएं और अन्य सरकारी सुविधाएं शामिल रहेंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, MSME और छोटे कारोबार के लिए ऋण संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और छात्रों को भी फायदा

गौरतलब है कि शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और छात्रों से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष ध्यान रहेगा। विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मातृ वंदना योजना, छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड जैसी सेवाओं से जुड़ी मदद दी जाएगी। 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों को भी योजनाओं की जानकारी और सहायता मिलेगी।

ये दस्तावेज साथ लेकर जाएं

शिविर में जाने वाले लोगों को आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे जरूरी दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है।

सरकार का कहना है कि इन शिविरों से आम नागरिकों का समय बचेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होगी। यह पहल लोगों को सरकारी सेवाओं से सीधे जोड़ने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

अन्य खबरे