रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं को बड़ा तोहफा!: हर महीने ₹2500 देगी सरकार, योजना का नाम बदलने के साथ नए नियम भी हुए तय, जानिए किसे मिलेगा इस योजना का लाभ और कौन रहेगा बाहर
रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं को बड़ा तोहफा!

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। सरकार हर महीने पात्र महिलाओं के बैंक खाते में ₹2500 की आर्थिक सहायता देने वाली योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना का नाम अब 'महिला समृद्धि योजना' से बदलकर 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' कर दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में योजना की पात्रता और नियमों को अंतिम रूप दिया गया है।

हर महीने मिलेगी सीधे बैंक खाते में सहायता

आपको बता दें क़ि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नियमित वित्तीय सहयोग देना है। सरकार चाहती है कि सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचे, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनी रहे। अनुमान है कि योजना से लाखों महिलाओं को लाभ मिल सकता है।

किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?

सरकार ने योजना के लिए स्पष्ट पात्रता तय की है। केवल 21 से 60 वर्ष की आयु की महिलाएं ही आवेदन कर सकेंगी। महिला स्वयं या उसका परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का स्थायी निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक परिवार से केवल एक महिला को ही लाभ मिलेगा और परिवार की सबसे बड़ी पात्र महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।

इन महिलाओं को नहीं मिलेगा फायदा

गौरतलब है क़ि सरकार ने कुछ श्रेणियों को योजना से बाहर रखा है। जिन महिलाओं या उनके परिवार के किसी सदस्य के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा जो महिलाएं पहले से किसी सरकारी पेंशन या नियमित आर्थिक सहायता योजना का लाभ ले रही हैं, वे भी पात्र नहीं होंगी। जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, उन्हें भी योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।

नाम बदला, लेकिन उद्देश्य वही

विदित है क़ि सरकार ने योजना का नाम बदलकर 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' रखा है। सरकार का कहना है कि नया नाम महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रतीक होगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र महिलाओं तक बिना किसी देरी के योजना का लाभ पहुंचे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।

सरकार की तैयारी अंतिम चरण में

दिल्ली सरकार योजना को जल्द लागू करने के लिए प्रशासनिक तैयारियों में जुटी हुई है। विभागों को लाभार्थियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और भुगतान व्यवस्था को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं तो रक्षाबंधन के आसपास पहली किस्त जारी की जा सकती है।

महिलाओं के लिए क्यों अहम है यह योजना?

यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने निश्चित वित्तीय सहायता देकर उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी। सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी, आत्मनिर्भरता मजबूत होगी और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी। योजना लागू होने के बाद दिल्ली की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

अन्य खबरे