सीएम ने पेश किया 'विकसित दिल्ली @2047' रोडमैप!: बेटियां बनेंगी ‘लखपति’, अस्पतालों में होगा मुफ्त MRI-CT स्कैन, वहीं 5800 इलेक्ट्रिक बसों के साथ...देखें 2047 तक दिल्ली की पूरी तस्वीर बदलने वाला मेगाप्लान_एक नजर
सीएम ने पेश किया 'विकसित दिल्ली @2047' रोडमैप!

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली को आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बड़ा विजन तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विकसित दिल्ली @2047’ का रोडमैप पेश किया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, परिवहन, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण से जुड़े कई बड़े बदलावों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को भविष्य की जरूरतों के अनुसार आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

दिल्ली की बेटियों के लिए ‘लखपति बिटिया योजना’

आपको बता दें कि महिला और बालिका सशक्तीकरण को लेकर दिल्ली सरकार ने नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली लखपति बिटिया योजना के तहत पात्र बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर 1 लाख रुपये की आर्थिक गारंटी दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य बेटियों को आर्थिक मजबूती देना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।

आंगनवाड़ी केंद्रों का बदलेगा स्वरूप

गौरतलब है कि छोटे बच्चों के बेहतर विकास के लिए आंगनवाड़ियों में सुधार की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।

इसके लिए समर्थ पहल शुरू की गई है, जो—

  • पालना

  • पोषण

  • पढ़ाई

  • बच्चों के संपूर्ण विकास

जैसे प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगी।

महिलाओं के लिए रानी हाट और सहेली पिंक कार्ड

विदित है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इसके तहत रानी हाट (महिला हाट आउटलेट) विकसित किए जा रहे हैं। वहीं महिलाओं की यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा के लिए सहेली पिंक कार्ड की शुरुआत की गई है।

स्कूलों में AI की एंट्री, 8 हजार से ज्यादा स्मार्ट क्लासरूम

गौरतलब है कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के लिए बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

सरकारी स्कूलों में—

  • 75 सीएम श्री स्कूल स्थापित

  • 8,777 से ज्यादा स्मार्ट क्लासरूम तैयार

  • पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल शुरू

किया गया है।

छात्राओं की पढ़ाई न छूटे, इसके लिए कक्षा 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिल उपलब्ध कराने की पहल भी की जा रही है।

सरकारी अस्पतालों में मुफ्त MRI और CT स्कैन

आपको बता दें कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दिल्ली सरकार बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। पीपीपी मॉडल के तहत सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त MRI, मुफ्त CT स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा द्वारका में पहला ब्रेन हेल्थ क्लिनिक और नवजात बच्चों की निगरानी के लिए अनमोल योजना शुरू की गई है।

1 लाख करोड़ रुपये से बदलेगा दिल्ली का रोड नेटवर्क

राजधानी के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्र के सहयोग से दिल्ली में करीब 1 लाख करोड़ रुपये का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क भी लगभग 500 किलोमीटर तक विस्तार कर चुका है।

5800 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों का लक्ष्य

प्रदूषण कम करने और ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर दिया जा रहा है। लक्ष्य है कि मार्च 2027 तक दिल्ली की सड़कों पर 5,800 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलें। इससे सार्वजनिक परिवहन मजबूत होने के साथ प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

यमुना सफाई और ड्रेनेज सिस्टम पर बड़ा प्लान

आपको बता दें कि यमुना नदी की सफाई के लिए पड़ोसी राज्यों के साथ तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है। इसके तहत—

  • 35 नए विकेंद्रीकृत STP बनाए जाएंगे

  • गंदे पानी के प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा

  • नया मास्टर ड्रेनेज प्लान लागू किया गया है

करीब 50 वर्षों बाद राजधानी के ड्रेनेज सिस्टम को नई दिशा देने की कोशिश की जा रही है।

डिजिटल गवर्नेंस की ओर दिल्ली

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन को पारदर्शी बनाने के लिए दिल्ली सरकार अब ई-फाइल और डिजिटल सिस्टम पर आगे बढ़ रही है। साथ ही केंद्र से पीडब्ल्यूडी के लिए अलग इंजीनियरिंग कैडर और विकास योजनाओं में सहयोग बढ़ाने की मांग भी रखी गई है।

सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के जरिए आने वाले वर्षों में दिल्ली को आधुनिक, सुरक्षित और विकसित राजधानी बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।

अन्य खबरे