10 साल पुराना आधार कार्ड, तो हो जाएँ सावधान!: 1 अक्टूबर यानी आज से बदल जाएंगे आधार से जुड़े ये नियम, बच्चों-किशोरों को मिलेगी यह राहत
10 साल पुराना आधार कार्ड, तो हो जाएँ सावधान!

नई दिल्ली : आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर है। अगर आपका आधार कार्ड 10 साल पुराना है, तो अब 1 अक्टूबर 2025 से इसे अनिवार्य रूप से अपडेट कराना होगा। UIDAI (यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने साफ कर दिया है कि तय समय में अपडेट न कराने पर कई सरकारी और निजी सेवाओं का लाभ उठाने में दिक्कतें आ सकती हैं। यही नहीं, बच्चों और किशोरों के लिए भी आधार नियम में बदलाव किया गया है। अब बायोमेट्रिक अपडेट पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।

अबतक आधार कार्ड से जुड़े 5 बड़े बदलाव (जनवरी से सितंबर 2025 तक) :

आपको बता दें कि सरकार ने इस साल आधार से जुड़े कई नियमों में बदलाव किया है जो कि निम्नलिखित हैं।

  1. ऑनलाइन अपडेशन सुविधा आसान हुई – UIDAI पोर्टल और mAadhaar ऐप से घर बैठे डॉक्यूमेंट अपडेट की सुविधा दी गई।

  2. मोबाइल OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य – अब बिना OTP वेरिफिकेशन के कोई अपडेशन मान्य नहीं होगा।

  3. e-KYC का दायरा बढ़ा – बैंक, मोबाइल कंपनियां और सरकारी सेवाएं UIDAI से डायरेक्ट e-KYC ले सकती हैं।

  4. फ्री अपडेट स्कीम खत्म हुई – जून 2025 से मुफ्त डेमोग्राफिक अपडेट बंद, अब शुल्क देना होगा।

  5. नया Aadhaar ऐप लाने की तैयारी – UIDAI का नया ऐप डेमो टेस्टिंग में, लॉन्च जल्द होगा।

1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?

गौरतलब है कि 1 अक्टूबर से 10 साल पुराने आधार को अपडेट कराना होगा अनिवार्य। पैन कार्ड, वोटर ID, जन्म प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज़ ले जाने होंगे। 50 रुपये बायोमेट्रिक और 30 रुपये डेमोग्राफिक अपडेट फीस तय। अपडेट UIDAI वेबसाइट या नजदीकी आधार सेवा केंद्र से कराना होगा।

बच्चों और किशोरों को राहत

आपको बता दें कि 5 से 7 साल और 15 से 17 साल आयु वर्ग के लिए बायोमेट्रिक अपडेशन पूरी तरह फ्री रहेगा। पहले 50 रुपये शुल्क देना पड़ता था, अब फीस खत्म कर दी गई है। लेकिन ध्यान रहे, अपडेशन अनिवार्य है। अगर अपडेट नहीं कराया तो आधार कार्ड अवैध माना जा सकता है।

UIDAI का सख्त संदेश :

विदित है कि UIDAI के CEO भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि नागरिक समय रहते आधार अपडेट कराएं। इससे पहचान में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुचारू रूप से मिलता रहेगा।

1 अक्टूबर से आधार कार्ड धारकों पर नया नियम लागू होगा। पुराने आधार को समय पर अपडेट कराना अब जरूरी है। बच्चों और किशोरों को राहत जरूर मिली है, लेकिन नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है।

अन्य खबरे