क्रिकेट : क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी-20 लीग आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 19वें सीजन के पहले चरण के मुकाबलों की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च 2026 से होगी और पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस उद्घाटन मैच में पिछली चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगी। ऐसे में सीजन की शुरुआत ही हाई-वोल्टेज मुकाबले से होने जा रही है।
फिलहाल सिर्फ 15 दिन का शेड्यूल जारी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बीसीसीआई ने अभी पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम जारी नहीं किया है। फिलहाल पहले चरण यानी 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के मुकाबलों का शेड्यूल घोषित किया गया है। इस शुरुआती चरण में कुल 20 मैच खेले जाएंगे। इन मैचों में डबल हेडर मुकाबले भी शामिल हैं, यानी एक ही दिन दो मैच खेले जाएंगे।
पहला डबल हेडर: 4 अप्रैल
दूसरा डबल हेडर: 5 अप्रैल
डबल हेडर के दौरान पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
उद्घाटन मैच से पहले ही बढ़ा रोमांच
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला बेहद खास होने वाला है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। दरअसल, 2025 में आरसीबी ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। अब टीम अपने खिताब को बचाने के इरादे से नए सीजन की शुरुआत करेगी।
पहले पांच दिनों में सभी टीमें खेलेंगी अपना पहला मैच
आईपीएल के शुरुआती दिनों में ही सभी टीमों को मैदान पर उतरते देखने को मिलेगा। पहले पांच दिनों के अंदर सभी 10 टीमें अपना पहला मुकाबला खेल लेंगी। शुरुआती मैचों का कार्यक्रम इस प्रकार है:
28 मार्च – RCB vs SRH (बेंगलुरु)
29 मार्च – मुंबई इंडियंस vs कोलकाता नाइट राइडर्स (मुंबई)
30 मार्च – चेन्नई सुपर किंग्स vs राजस्थान रॉयल्स (गुवाहाटी)
31 मार्च – गुजरात टाइटंस vs पंजाब किंग्स (मुल्लांपुर)
1 अप्रैल – लखनऊ सुपर जायंट्स vs दिल्ली कैपिटल्स (लखनऊ)
इस तरह शुरुआती हफ्ते में ही दर्शकों को कई बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।
10 शहरों में होगा क्रिकेट का महाकुंभ
विदित है कि आईपीएल 2026 के पहले चरण के मैच 10 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। इनमें प्रमुख शहर बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद शामिल है। इनमें कोलकाता और गुवाहाटी में सबसे ज्यादा मुकाबले खेले जाने की योजना है।
चुनावों के कारण पूरा शेड्यूल अभी नहीं
गौरतलब है कि इस बार आईपीएल के पूरे कार्यक्रम की घोषणा एक साथ नहीं की गई है। इसकी वजह देश के कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में चुनाव होने हैं और इन राज्यों में आईपीएल टीमों के घरेलू मैदान भी मौजूद हैं। इसलिए चुनाव की तारीखें सामने आने के बाद ही बाकी मैचों का शेड्यूल घोषित किया जाएगा।
IPL 2026 – पहले चरण का पूरा शेड्यूल
28 मार्च - RCB vs SRH - बेंगलुरु
29 मार्च - MI vs KKR - मुंबई
30 मार्च - RR vs CSK - गुवाहाटी
31 मार्च - PBKS vs GT - चंडीगढ़
1 अप्रैल - LSG vs DC - लखनऊ
2 अप्रैल - KKR vs SRH - कोलकाता
3 अप्रैल - CSK vs PBKS - चेन्नई
7:30 PM
4 अप्रैल - DC vs MI - दिल्ली
4 अप्रैल - GT vs RR - अहमदाबाद
5 अप्रैल - SRH vs LSG - हैदराबाद
5 अप्रैल - RCB vs CSK - बेंगलुरु
6 अप्रैल - KKR vs PBKS - कोलकाता
7 अप्रैल - RR vs MI - गुवाहाटी
8 अप्रैल - DC vs GT - दिल्ली
9 अप्रैल - LSG vs KKR - कोलकाता
10 अप्रैल - RR vs RCB - गुवाहाटी
11 अप्रैल - PBKS vs SRH - चंडीगढ़
11 अप्रैल - CSK vs DC - चेन्नई
12 अप्रैल - GT vs LSG - लखनऊ
12 अप्रैल - MI vs RCB - मुंबई
बेंगलुरु के मैचों पर अंतिम फैसला बाकी
आपको बता दें कि बेंगलुरु में होने वाले मैचों को लेकर भी एक अंतिम प्रक्रिया बाकी है। कर्नाटक सरकार की एक विशेषज्ञ समिति 13 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। इस दौरान सुरक्षा, दर्शक प्रबंधन और मैच डे की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट के बाद ही तय होगा कि स्टेडियम सभी मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं।
हर साल की तरह इस बार भी आईपीएल से रोमांच, बड़े छक्के, शानदार गेंदबाजी और आखिरी ओवर तक सस्पेंस की उम्मीद की जा रही है। एक बात तय है कि 28 मार्च से शुरू होने वाला आईपीएल 2026 क्रिकेट प्रेमियों के लिए जबरदस्त मनोरंजन लेकर आने वाला है।