खेल : क्रिकेट की दुनिया में आने वाले समय में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने खेल को ज्यादा modern, तेज और रोमांचक बनाने के लिए कई अहम फैसलों को मंजूरी दी है। अहमदाबाद में हुई बोर्ड मीटिंग में टेस्ट क्रिकेट से लेकर टी20 और महिला क्रिकेट तक से जुड़े बड़े बदलावों पर मुहर लगाई गई। इन फैसलों के बाद अब खराब रोशनी से रुकने वाले टेस्ट मैचों में नई व्यवस्था देखने को मिलेगी, वहीं टी20 मुकाबलों में कोच सीधे मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बातचीत कर सकेंगे।
टेस्ट क्रिकेट में बड़ा प्रयोग, दिन के मैच में भी आ सकती है पिंक बॉल
आपको बता दें कि ICC के सबसे बड़े फैसलों में टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा बदलाव शामिल है। अक्सर टेस्ट मैचों में खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ता है। कई बार इसका असर मैच के नतीजे पर भी पड़ता है। इसी समस्या को कम करने के लिए ICC ने पिंक बॉल के इस्तेमाल से जुड़े नए प्रयोग को मंजूरी दी है। नई व्यवस्था के तहत अगर दिन में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान रोशनी खराब होती है तो दोनों टीमों की सहमति से लाल गेंद की जगह पिंक बॉल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। पिंक बॉल कम रोशनी में ज्यादा आसानी से दिखाई देती है, जिससे मैच में समय की बर्बादी कम हो सकती है।
T20 मैच में अब मैदान पर आएंगे कोच, खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी रणनीति
टी20 क्रिकेट में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब मैच के दौरान तय ब्रेक में टीम के हेड कोच और सपोर्ट स्टाफ मैदान में जाकर खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। अभी तक कोच आमतौर पर संदेश किसी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के जरिए भेजते थे, लेकिन नई व्यवस्था से रणनीति बनाने और मैच की स्थिति के हिसाब से फैसले लेने में मदद मिलेगी। टी20 मुकाबलों में पारी के बीच 15 मिनट के ब्रेक को भी मंजूरी दी गई है।
लेग साइड वाइड पर बदलेगा फैसला, गेंदबाजों को मिल सकती है राहत
गौरतलब है कि ICC ने लेग साइड वाइड को लेकर भी नया प्रयोग शुरू करने का फैसला किया है। अब हर लेग साइड जाती गेंद अपने आप वाइड घोषित नहीं होगी। अंपायर यह देखेंगे कि गेंद बल्लेबाज से कितनी दूर गई है और तय सीमा के आधार पर फैसला लिया जाएगा। इस बदलाव से गेंद और बल्ले के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी।
संदिग्ध बॉलिंग एक्शन पर टेक्नोलॉजी की नजर
आपको बता दें कि अब गेंदबाजों के संदिग्ध एक्शन की जांच अब और ज्यादा तकनीकी तरीके से हो सकेगी। ICC ने मैच अधिकारियों को हॉक-आई डेटा इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। इससे गेंदबाज के एक्शन की जांच ज्यादा सटीक तरीके से की जा सकेगी और फैसलों में पारदर्शिता बढ़ेगी।
खराब रोशनी से निपटने के लिए नई तकनीक पर काम
ICC और MCC मिलकर क्रिकेट मैदानों की लाइटिंग व्यवस्था पर रिसर्च करेंगे। इसका मकसद है कि खराब रोशनी के कारण मैच रुकने की समस्या को कम किया जा सके और खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिले।
महिला क्रिकेट को मिलेगा नया मंच
ICC ने महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए भी कई बड़े कदम उठाए हैं। महिला क्रिकेट को ज्यादा देशों तक पहुंचाने के लिए नए टूर्नामेंट शुरू किए जाएंगे। इमर्जिंग देशों की महिला टीमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा मौके मिलेंगे, जिससे क्रिकेट का विस्तार और तेज होगा।
छोटे क्रिकेट देशों के लिए भी खुलेंगे बड़े मौके
गौरतलब है कि एसोसिएट देशों को आगे बढ़ाने के लिए भी ICC ने नई योजनाओं को मंजूरी दी है। टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन सिस्टम में बदलाव से छोटी टीमों को बड़े टूर्नामेंट तक पहुंचने के ज्यादा अवसर मिलेंगे।
ICC के इन फैसलों को क्रिकेट के भविष्य के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। पिंक बॉल, नई तकनीक, कोच की सीधी भागीदारी और महिला क्रिकेट के विस्तार जैसे बदलाव यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले वर्षों में क्रिकेट पहले से ज्यादा तेज, तकनीकी और रणनीतिक होने वाला है।