उत्तर प्रदेश बनेगा खेलों का नया हब!: गाजीपुर से शामली तक होगा स्टेडियमों का निर्माण, खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, जानें किन 5 जिलों में बनने जा रहा भव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम और कब तक होगा तैयार_एक नजर
उत्तर प्रदेश बनेगा खेलों का नया हब!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश को जल्द ही पांच नए भव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम मिलने जा रहे हैं। गाजीपुर, चंदौली, हापुड़, संभल और शामली में ये स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, जो क्षेत्रीय स्तर पर उभरती प्रतिभाओं के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।

कहां तक पहुंचा काम? जिलेवार प्रगति

आपकी जानकारी के लिये बता दें कि गाजीपुर में निर्माण कार्य 99.9 फीसदी पूरा हो चुका है और यह स्टेडियम जल्द ही खिलाड़ियों को सौंप दिया जाएगा। वहीं हापुड़ में निर्माण 70 फीसदी पूरा हो चुका है और काम तेजी से जारी है। संभल में भी 26 फीसदी कार्य संपन्न हो गया है। शामली में निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। और चंदौली में टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही काम धरातल पर उतरेगा। फिलहाल प्रदेश के 71 जिलों में 84 स्टेडियम संचालित हैं, जिनमें अब ये 5 नए स्टेडियम जुड़ने जा रहे हैं।

विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी मुहैया

गौरतलब है कि योगी सरकार का यह प्रयास केवल चारदीवारी और मैदान तक सीमित नहीं है। खेल विभाग इन स्टेडियमों में आधुनिक सुविधाएं विकसित कर रहा है:

  • मल्टीपर्पज हॉल – इनडोर खेलों के लिए
  • स्विमिंग पूल – तैराकों के लिए
  • बैडमिंटन, टेनिस, वॉलीबॉल कोर्ट
  • जिम – फिटनेस और प्रशिक्षण के लिए
  • हॉकी-फुटबॉल मैदान
  • एथलेटिक्स ट्रैक

खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत

सरकार का स्पष्ट विजन है कि खिलाड़ियों को अब सुविधाओं के लिए महानगरों का रुख न करना पड़े। उन्हें उनके अपने ही जनपद में विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। यूपी के खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह के अनुसार, "इन स्टेडियमों से खिलाड़ियों को अपने जिले में ही आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलेंगे। ये परियोजनाएं प्रदेश के खेल अवसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की निरंतर सक्रियता का परिणाम हैं।"

कब तक तैयार होंगे स्टेडियम?

आपकी जानकारी के लिये बता दें कि गाजीपुर को छोड़कर बाकी स्टेडियमों को 2025-26 में स्वीकृति मिली है। यानी आने वाले दो-तीन वर्षों में ये सभी स्टेडियम खिलाड़ियों को समर्पित कर दिए जाएंगे।

यूपी बनेगा खेलों का नया हब

विदित है कि इन आधुनिक सुविधाओं के दम पर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों से निकलने वाले खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पोडियम फिनिश की तैयारी कर सकेंगे। योगी सरकार का यह कदम उत्तर प्रदेश को खेलों के नए हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

गाजीपुर से लेकर शामली तक पांच नए स्टेडियम, पांच नए अवसर। योगी सरकार का यह बड़ा फैसला उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए गेमचेंजर साबित होगा। अब खिलाड़ियों को दूर नहीं जाना पड़ेगा, उनके अपने जिले में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह सिर्फ स्टेडियम नहीं, बल्कि सपनों की उड़ान का जरिया है।

अन्य खबरे