WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की बड़ी चेतावनी!: एक छोटी सी लापरवाही से कोई और भी पढ़ सकता हैं आपके निजी चैट्स, सरकार ने बताये बचाव के ये तरीके
WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए सरकार की बड़ी चेतावनी!

तकनीकी : WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक अहम चेतावनी सामने आई है। अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर अपना WhatsApp Web चलाते हैं, तो थोड़ी सी लापरवाही आपकी निजी बातचीत दूसरों तक पहुंचा सकती है। भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने इस खतरे को लेकर लोगों को सतर्क किया है। एजेंसी के मुताबिक, किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने के बाद अगर यूजर अपना अकाउंट ठीक से लॉगआउट करना भूल जाता है, तो उस डिवाइस तक पहुंच रखने वाला दूसरा व्यक्ति पहले से सक्रिय सेशन का गलत इस्तेमाल कर सकता है। ऐसी स्थिति में निजी संदेशों और बातचीत की गोपनीयता खतरे में पड़ सकती है।

आपकी एक गलती से क्या-क्या हो सकता है नुकसान?

आपको बता दें कि WhatsApp Web में मोबाइल अकाउंट को कंप्यूटर से जोड़कर संदेश पढ़ने और भेजने की सुविधा मिलती है। लेकिन यही सुविधा लापरवाही की स्थिति में परेशानी का कारण बन सकती है। अगर किसी साझा कंप्यूटर पर आपका अकाउंट लॉगिन रह गया, तो दूसरा व्यक्ति आपकी निजी बातचीत देख सकता है और आपके अकाउंट से संदेश भी भेज सकता है। इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी आपके परिचितों को निशाना बना सकते हैं। वे आपके नाम से पैसों की मांग कर सकते हैं, फर्जी लिंक भेज सकते हैं या किसी भरोसेमंद व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करके ठगी की कोशिश कर सकते हैं। फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसी तकनीकों के जरिए लोगों को धोखे में फंसाया जा सकता है।

ऑफिस और सार्वजनिक कंप्यूटर पर ज्यादा सावधानी जरूरी

गौरतलब है कि I4C ने खास तौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम और सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध डिवाइस को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। ऐसे कंप्यूटरों का इस्तेमाल कई लोग करते हैं। इसलिए वहां WhatsApp Web लॉगिन करने के बाद अकाउंट खुला छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है। एजेंसी ने यह भी सलाह दी है कि सरकारी दस्तावेज, बैंकिंग और वित्तीय जानकारी, गोपनीय फाइलें या संवेदनशील कार्यालय संबंधी सूचनाएं WhatsApp Web के जरिए साझा करने से बचना चाहिए।

सिर्फ टैब बंद करने से अकाउंट लॉगआउट नहीं होता

विदित है कि कई लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देते हैं और समझते हैं कि उनका अकाउंट सुरक्षित हो गया। लेकिन केवल टैब बंद करना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है। इसलिए इस्तेमाल पूरा होने पर WhatsApp Web से बाकायदा लॉगआउट करना जरूरी है। इसके लिए मोबाइल में WhatsApp खोलें और 'Linked Devices' यानी लिंक किए गए डिवाइस के विकल्प पर जाएं। यहां आप देख सकते हैं कि आपका अकाउंट किन-किन कंप्यूटर या डिवाइस से जुड़ा हुआ है। अगर कोई पुराना या अनजान सेशन दिखाई देता है, तो उसे तुरंत लॉगआउट कर दें। समय-समय पर इस सूची की जांच करना भी जरूरी है।

Incognito Mode भी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं

अगर किसी दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing Mode का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे ब्राउजर में सामान्य तौर पर ब्राउजिंग हिस्ट्री और कुछ स्थानीय डेटा सेव होने की संभावना कम होती है। हालांकि, इसे पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं माना जाना चाहिए। इसलिए काम पूरा होने के बाद लॉगआउट करना और Linked Devices में सेशन की जांच करना जरूरी है।

साइबर कैफे और अनजान कंप्यूटर से बचें

I4C ने साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, सार्वजनिक कियोस्क और दूसरे लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर ही ऐसे डिवाइस का इस्तेमाल करें और काम पूरा होते ही अकाउंट से लॉगआउट कर दें।

साइबर सुरक्षा के इस दौर में केवल मजबूत पासवर्ड रखना ही काफी नहीं है। अपने अकाउंट से जुड़े डिवाइस पर नजर रखना और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाना भी उतना ही जरूरी है।

अन्य खबरे