नई दिल्ली: नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट पर टेप लगाते हैं, उसे छिपाते हैं या उसके अंकों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ करते हैं, तो यह लापरवाही आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। केंद्र सरकार टोल चोरी रोकने के लिए नियमों को और सख्त बनाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत नंबर प्लेट में गड़बड़ी पाए जाने पर वाहन चालकों से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक पैसा वसूला जा सकता है। दरअसल, सरकार नेशनल हाईवे पर बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम को बढ़ावा दे रही है। इस व्यवस्था में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होती। कैमरे नंबर प्लेट की पहचान करते हैं और उसी के आधार पर टोल शुल्क वसूला जाता है। लेकिन कुछ वाहन चालक इस तकनीक का फायदा उठाने के बजाय इसमें सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट छिपाने और उसके अंकों में बदलाव करने जैसी शिकायतें सामने आई हैं।
नंबर प्लेट में गड़बड़ी पर लगेगा 8 गुना तक टोल
आपको बता दें कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में संशोधन की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित नियमों के अनुसार, अगर किसी वाहन की नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई गई, धुंधली रखी गई या उसके साथ छेड़छाड़ की गई, तो वाहन चालक से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक वसूला जा सकता है। खास बात यह है कि यह अतिरिक्त टोल वसूली मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले चालान से अलग होगी। मौजूदा प्रावधानों के अनुसार, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा गलती करने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। यानी एक ही मामले में परिवहन विभाग चालान कर सकता है और NHAI नियमों के तहत अतिरिक्त टोल शुल्क भी वसूला जा सकता है।
AI कैमरे पकड़ेंगे नंबर प्लेट की चालाकी
गौरतलब है कि टोल चोरी रोकने के लिए सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तकनीक का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। टोल प्लाजा पर लगे आधुनिक कैमरे वाहनों की तस्वीरें लेंगे। इसके बाद AI सिस्टम तस्वीरों और वाहन संबंधी डेटा का विश्लेषण करके नंबर प्लेट की पहचान करेगा। अगर कोई वाहन चालक नंबर प्लेट को ढककर रखता है या उसके अंकों में बदलाव करता है, तो सिस्टम ऐसे वाहनों को पहचानने में मदद करेगा। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले महीनों में इस तकनीकी व्यवस्था को लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुंडका टोल प्लाजा पर सामने आया था मामला
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल बचाने का मामला दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर बैरियर फ्री टोलिंग शुरू होने के बाद चर्चा में आया था। बताया गया कि नई व्यवस्था लागू होने के कुछ ही दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सामने आए, जिनकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने की मांग की थी। धीरे-धीरे दूसरे इलाकों में भी ऐसी शिकायतें सामने आने लगीं।
साफ नंबर प्लेट के बिना मुश्किल होगी यात्रा
विदित है कि बैरियर फ्री टोलिंग का उद्देश्य हाईवे पर जाम कम करना और वाहनों को बिना रुके आगे बढ़ने की सुविधा देना है। इस व्यवस्था की सफलता काफी हद तक नंबर प्लेट की सही पहचान पर निर्भर करती है। इसलिए वाहन चालकों के लिए जरूरी है कि वे अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट साफ रखें और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ न करें।
सरकार का मानना है कि AI निगरानी और सख्त टोल नियमों से टोल चोरी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि, 4 से 8 गुना अतिरिक्त शुल्क वाला प्रस्ताव अभी नियमों में संशोधन की तैयारी के स्तर पर है। इसे अंतिम रूप दिए जाने और लागू होने के बाद ही इसकी वास्तविक प्रक्रिया स्पष्ट होगी।