पहली बार मानव निर्मित चीज 26 हजार अरब किमी के पार, रचा इतिहास!: 49 साल पहले NASA ने लॉन्च किया था ये अंतरिक्ष यान जो...जानें इतनी दूर उसे कैसे मिल रही हैं पावर?
पहली बार मानव निर्मित चीज 26 हजार अरब किमी के पार, रचा इतिहास!

विज्ञान: इंसान ने कभी आसमान की ओर देखकर अंतरिक्ष के रहस्यों को जानने का सपना देखा था। आज उसी इंसान की बनाई एक छोटी-सी मशीन पृथ्वी से इतनी दूर पहुंच चुकी है कि उसके भेजे संदेश को यहां तक आने में पूरे 24 घंटे लगते हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के अंतरिक्षयान Voyager-1 ने 18 नवंबर 2026 को पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस (Light-Day) की दूरी पार कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह दुनिया का पहला मानव निर्मित अंतरिक्षयान बन गया है। करीब 49 साल पहले लॉन्च हुआ यह यान आज भी अंतरिक्ष की गहराइयों में सफर कर रहा है। इसकी दूरी लगभग 25.9 से 26 अरब किलोमीटर बताई जा रही है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 1970 के दशक की तकनीक से तैयार इस यान ने अपने शुरुआती मिशन की अवधि से कई गुना अधिक समय तक काम किया है।

आखिर क्या होता है एक प्रकाश-दिवस?

आपको बता दें कि एक प्रकाश-दिवस का मतलब है कि प्रकाश 24 घंटे में जितनी दूरी तय करता है। प्रकाश की गति लगभग 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड है। इस हिसाब से एक प्रकाश-दिवस करीब 25.9 अरब किलोमीटर होता है। इस दूरी को आसान भाषा में समझें तो Voyager-1 से भेजे गए रेडियो सिग्नल को पृथ्वी तक पहुंचने में लगभग 24 घंटे लगते हैं। यानी वैज्ञानिकों को यान से भेजी गई जानकारी मिलने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता है। यही वजह है कि इतनी दूरी तक पहुंचना अंतरिक्ष विज्ञान की असाधारण उपलब्धि माना जा रहा है।

5 सितंबर 1977 को शुरू हुआ था सफर

गौरतलब है कि NASA ने Voyager-1 को 5 सितंबर 1977 को Titan IIIE-Centaur रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा था। शुरुआत में इसका मिशन बृहस्पति और शनि ग्रह का अध्ययन करना था। लेकिन इसने अपने अभियान के दौरान ऐसी जानकारियां जुटाईं, जिन्होंने वैज्ञानिकों को इन ग्रहों और उनके चंद्रमाओं को समझने में बड़ी मदद दी। वर्ष 1979 में इसने बृहस्पति के पास से गुजरते हुए तस्वीरें और वैज्ञानिक आंकड़े भेजे। इसके बाद 1980 में शनि ग्रह और उसके सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन का अध्ययन किया। टाइटन के वातावरण से जुड़ी जानकारी ने वैज्ञानिकों के सामने एक नई दुनिया के रहस्य खोले।

सौरमंडल की सीमा पार कर चुका है Voyager-1

इस यान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक यह भी है कि अगस्त 2012 में यह हेलियोपॉज पार करके इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष में प्रवेश करने वाला पहला मानव निर्मित यान बना। यहां यह सूर्य के प्रभाव से बाहर के वातावरण का अध्ययन कर रहा है।

आज भी भेज रहा है अंतरिक्ष की जानकारी

विदित है कि लगभग पांच दशक पुराने इस यान की ऊर्जा लगातार कम हो रही है। इसके कई वैज्ञानिक उपकरण बंद किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ उपकरण अब भी काम कर रहे हैं और महत्वपूर्ण आंकड़े पृथ्वी तक पहुंचा रहे हैं। NASA के इंजीनियरों ने कई तकनीकी समस्याओं के बावजूद इससे संपर्क बनाए रखने में सफलता हासिल की है।

वहाँ कैसे मिल रही उसे बिजली

Voyager-1 को बिजली देने के लिए इसमें तीन परमाणु ऊर्जा जनरेटर (RTG) लगाए गए हैं। ये प्लूटोनियम-238 नामक रेडियोधर्मी पदार्थ से निकलने वाली गर्मी को बिजली में बदलते हैं। यही बिजली इसके कंप्यूटर, वैज्ञानिक उपकरणों और संचार प्रणाली को चलाती है। खास बात यह है कि सूर्य से अरबों किलोमीटर दूर होने के बावजूद इसे सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, लगभग 49 साल बाद इसकी बिजली उत्पादन क्षमता लगातार घट रही है, इसलिए NASA ऊर्जा बचाने के लिए इसके कई उपकरण बंद कर चुका है।

अपने साथ ले जा रहा है पृथ्वी का संदेश

Voyager-1 अपने साथ एक खास गोल्डन रिकॉर्ड भी लेकर चल रहा है। इसमें पृथ्वी की तस्वीरें, प्राकृतिक आवाजें, संगीत, मानव आवाजें और अलग-अलग भाषाओं में संदेश दर्ज हैं। इसे इस कल्पना के साथ तैयार किया गया था कि भविष्य में यदि कोई दूसरी सभ्यता इस यान तक पहुंचे, तो उसे पृथ्वी और मानव जीवन के बारे में जानकारी मिल सके।

Voyager-1 की यह उपलब्धि केवल दूरी का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि मानव जिज्ञासा, विज्ञान और तकनीकी क्षमता की मिसाल भी है। पृथ्वी से अरबों किलोमीटर दूर बढ़ता यह यान आज भी इंसान की उस कोशिश का प्रतीक है, जिसके जरिए वह अंतरिक्ष के अनजाने रहस्यों को समझना चाहता है।

अन्य खबरे