सरकार की सख्ती के बाद Instagram की बड़ी कार्रवाई!: अब फीड पर अश्लील और हिंसक रील्स के रिकमेंडेशन पर लगेगी रोक, वहीं पोस्ट भी अब...जानिए यूजर्स के लिए क्या होगा बदलाव
सरकार की सख्ती के बाद Instagram की बड़ी कार्रवाई!

तकनीकी : सोशल मीडिया पर रील्स देखते समय अचानक अश्लील, यौन रूप से आपत्तिजनक या हिंसा से जुड़ी सामग्री सामने आ जाती है। कई बार यूजर ऐसी पोस्ट को फॉलो भी नहीं करता, फिर भी इंस्टाग्राम का एल्गोरिदम उसे बार-बार इसी तरह का कंटेंट दिखाने लगता है। अब इस पर लगाम लगाने की तैयारी हो गई है। भारत सरकार की सख्ती के बीच सोशल मीडिया कंपनी Meta ने भारत में Instagram के रिकमेंडेशन सिस्टम को पहले से ज्यादा सख्त कर दिया है। इसके बाद यूजर्स को सजेस्टेड पोस्ट, रील्स और फीड में आपत्तिजनक और हिंसक सामग्री कम दिखाई देने की उम्मीद है। कंपनी ने कंटेंट की पहचान और उसकी सिफारिश को नियंत्रित करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित व्यवस्था को भी मजबूत किया है। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर उन पोस्ट पर पड़ेगा, जिन्हें इंस्टाग्राम ऐसे अकाउंट से यूजर्स को दिखाता है जिन्हें वे फॉलो नहीं करते।

अब इंस्टाग्राम खुद छांटेगा आपत्तिजनक कंटेंट

आपको बता दें कि इंस्टाग्राम पर हर दिन करोड़ों पोस्ट, फोटो और वीडियो अपलोड होते हैं। इनमें से कौन-सी सामग्री किस यूजर को दिखाई जाएगी, इसका फैसला काफी हद तक प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम करता है। अब Meta ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए संवेदनशील सामग्री की पहचान को ज्यादा प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। इसके लिए AI मॉडल की मदद से पोस्ट का विश्लेषण किया जाएगा। यौन रूप से आपत्तिजनक और हिंसा दिखाने वाली सामग्री को पहचानकर उसकी रिकमेंडेशन सीमित की जाएगी। इसका मतलब है कि ऐसी पोस्ट यूजर के सामने पहले की तुलना में कम आ सकती हैं।

पोस्ट डिलीट नहीं होगी, लेकिन घट जाएगी पहुंच

गौरतलब है कि इस बदलाव की एक खास बात यह है कि इंस्टाग्राम पर मौजूद हर आपत्तिजनक पोस्ट को हटाया नहीं जाएगा। Meta के अनुसार, यदि कोई पोस्ट कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन नहीं करती है तो वह प्लेटफॉर्म पर बनी रह सकती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इंस्टाग्राम उसे दूसरे यूजर्स को भी सुझाएगा। यानी किसी पोस्ट को प्लेटफॉर्म पर रहने की अनुमति मिल सकती है, लेकिन उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने वाली रिकमेंडेशन व्यवस्था पर रोक लगाई जा सकती है। इससे पोस्ट की पहुंच सीमित हो सकती है।

AI तय करेगा, किस पोस्ट को मिलेगी जगह

Meta का कहना है कि वह पिछले एक साल से यूजर्स के फीडबैक के आधार पर अपनी सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बना रहा है। कंपनी ने अपने ब्लॉग में दावा किया है कि रिकमेंड किए गए कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतें एक साल पहले के मुकाबले लगभग आधी रह गई हैं। हालांकि, कंपनी ने इसके समर्थन में विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं।

10 अक्टूबर की सरकारी एडवाइजरी के बाद बढ़ी सख्ती

विदित है कि इस पूरे मामले में केंद्र सरकार की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 10 अक्टूबर को Meta को एडवाइजरी जारी कर फेसबुक और इंस्टाग्राम के कंटेंट रिकमेंडेशन और रैंकिंग सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था। मंत्रालय ने चिंता जताई थी कि सोशल मीडिया के एल्गोरिदम कई बार भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए या हिंसा को बढ़ावा देने वाले कंटेंट को जरूरत से ज्यादा लोगों तक पहुंचा सकते हैं। सरकार ने यह भी कहा था कि प्लेटफॉर्म पर केवल चुनिंदा विचारों या नैरेटिव को ही प्राथमिकता नहीं मिलनी चाहिए।

यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?

इस बदलाव के बाद इंस्टाग्राम की रील्स, सजेस्टेड पोस्ट और मुख्य फीड में संवेदनशील सामग्री की सिफारिश कम हो सकती है। खासकर ऐसे वीडियो और पोस्ट, जिन्हें यूजर ने खुद खोजा या फॉलो नहीं किया है, उनकी पहुंच सीमित की जा सकती है। हालांकि, Meta ने अपने इस बदलाव को सीधे सरकारी एडवाइजरी का परिणाम नहीं बताया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि भारत से जुड़ी घटनाओं और विवादित पोस्ट की रिकमेंडेशन व्यवस्था में अलग से क्या बदलाव किए गए हैं।

इंस्टाग्राम पर अब सिर्फ पोस्ट अपलोड करना ही काफी नहीं होगा, उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का फैसला भी प्लेटफॉर्म की सख्त जांच के बाद हो सकता है। इससे यूजर्स को अश्लील और हिंसक सामग्री कम दिखने की उम्मीद है।

अन्य खबरे