नई दिल्ली : मोबाइल रिचार्ज कराने वाले करोड़ों प्रीपेड यूजर्स के लिए टेलीकॉम सेक्टर से बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम उपभोक्ताओं के लिए नए नियम जारी किए हैं। इसके तहत अब ग्राहकों के लिए 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले Voice और SMS-only प्लान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यानी जिन लोगों को मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं है, उन्हें केवल कॉलिंग और SMS के लिए अलग विकल्प मिल सकेगा। TRAI ने Telecom Consumers Protection (13th Amendment) Regulations, 2026 जारी किए हैं। नए प्रावधानों का उद्देश्य प्रीपेड ग्राहकों के लिए रिचार्ज विकल्पों को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
28 दिन की वैलिडिटी से क्यों थी परेशानी?
आपको बता दें कि कई टेलीकॉम कंपनियों के मंथली रिचार्ज लंबे समय से 28 दिन की वैलिडिटी के साथ उपलब्ध रहे हैं। ऐसे में 12 महीने के कैलेंडर वर्ष में 28 दिन के हिसाब से रिचार्ज करने पर ग्राहकों को साल में करीब 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान की मांग उठती रही है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी संसद में इस विषय को उठाते हुए सवाल किया था कि जब एक साल में 12 महीने होते हैं, तो उपभोक्ताओं को 13 बार रिचार्ज क्यों करना पड़ता है। अब नए नियमों के तहत कंपनियों को ग्राहकों के लिए 30 दिन की वैलिडिटी वाला विकल्प उपलब्ध कराना होगा।
हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू कराने का विकल्प
गौरतलब है कि नए नियमों में एक और महत्वपूर्ण व्यवस्था की गई है। ऐसा रिचार्ज वाउचर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे ग्राहक हर महीने उसी तारीख को रिन्यू करा सकेगा। मसलन, अगर किसी ने महीने की 10 तारीख को ऐसा प्लान लिया है तो वह अगले महीने भी 10 तारीख को उसे रिन्यू करा सकेगा। अगर किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है, तो नियमों के मुताबिक उस महीने के अंतिम दिन रिन्यूअल किया जाएगा।
बिना डेटा के सिर्फ कॉलिंग-SMS का प्लान
नए बदलाव का सबसे अहम हिस्सा उन ग्राहकों के लिए है जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS-only प्लान उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लान में इंटरनेट डेटा शामिल नहीं होगा। यानी ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक केवल कॉल और SMS के लिए रिचार्ज कर सकेंगे। ऐसे विकल्प उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकते हैं जो फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से बातचीत के लिए करते हैं और मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं। TRAI ने ऐसे प्लान के टैरिफ में उचित कमी किए जाने की भी व्यवस्था की है, ताकि ग्राहकों को अनावश्यक डेटा के लिए भुगतान न करना पड़े।
क्या हर 28 दिन वाला प्लान अब 30 दिन का हो जाएगा?
विदित है कि यहां एक बात समझना जरूरी है। नए नियम का मतलब यह नहीं है कि हर मौजूदा 28 दिन वाला रिचार्ज अपने आप 30 दिन का हो जाएगा। कंपनियों को नियमों के अनुसार 30 दिन या उससे कम अवधि वाले संबंधित विकल्प उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लानों की कीमत और मिलने वाली सुविधाएं अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियां तय करेंगी। इसलिए ग्राहकों को Jio, Airtel, Vi और BSNL जैसे ऑपरेटरों की ओर से आने वाले नए प्लान और उनकी कीमतों की जानकारी देखनी होगी।
TRAI के इस बदलाव से प्रीपेड ग्राहकों के सामने अधिक रिचार्ज विकल्प होंगे—खासकर उन लोगों के लिए जो पूरे महीने की वैलिडिटी चाहते हैं या जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत ही नहीं है।