लाइफस्टाइल: अगर आप एक स्वस्थ जीवन जीने की इच्छा रखते हैं तो इसके लिए आपका भोजन भी संतुलित और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए पोषक तत्वों का सही अनुपात अत्यंत जरूरी होता है। किसी एक जरूरी तत्व की कमी भी कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है।
आयोडीन एक मुख्य पोषक तत्व!
इन्हीं आवश्यक तत्वों में से एक है आयोडीन। यह एक माइक्रो न्यूट्रिएंट है जिसकी शरीर को कम मात्रा में आवश्यकता होती है लेकिन यह हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। थायरॉइड ग्रंथि तब ही सुचारू रूप से काम करती है जब शरीर को उपयुक्त मात्रा में आयोडीन मिलता है। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि यह तत्व शरीर के लिए क्यों अहम है और इसकी कमी होने पर क्या-क्या संकेत नजर आते हैं।
आयोडीन क्यों होता है जरूरी?
आयोडीन एक अहम खनिज तत्व है। यह थायरॉइड हार्मोन के निर्माण में सहायता करता है। ये हार्मोन शरीर के चयापचय, ऊर्जा निर्माण, विकास और मस्तिष्क स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होता है।
आयोडीन की कमी के लक्षण
1. गले में सूजन होना – यह सूजन थायरॉइड ग्रंथि के आकार में वृद्धि के कारण होती है।
2. मोटापा – जब मेटाबॉलिज्म सुस्त हो जाता है, तो शरीर में चर्बी जमा होने लगती है, जिससे वजन घटाना कठिन हो जाता है।
3. ठंड का ज्यादा एहसास – आयोडीन की कमी से शरीर गर्मी उत्पन्न नहीं कर पाता, जिससे गर्म मौसम में भी ठंड लग सकती है।
4. थकावट – आयोडीन की कमी से मेटाबॉलिक रेट धीमा हो जाता है, जिससे जल्दी थकान महसूस होती है।
5. महिलाओं में मासिक धर्म अनियमित हो जाता है।
6. गर्भवती महिलाओं में भ्रूण की वृद्धि में रुकावट और शिशु के मानसिक विकास में बाधा।
7. ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई।
8. याददाश्त कमजोर होना।
इनके लिए आयोडीन होता है अत्यंत आवश्यक
1.शिशु और किशोरावस्था में बच्चे
2.गर्भवती और स्तनपान करवाने वाली महिलाएं
3.वे लोग जो थायरॉइड संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं
कैसे पूरी करे आयोडीन की कमी?
आयोडीन युक्त नमक: यह सबसे आसान और सुलभ स्रोत है। अगर रोजमर्रा के खाने में इस्तेमाल किया जाने वाला नमक आयोडीन युक्त हो तो इसकी कमी से बचा जा सकता है।
डेयरी उत्पाद: दूध, दही, और पनीर में भी आयोडीन की अच्छी मात्रा होती है।
अंडा: अंडे की ज़र्दी आयोडीन का एक अच्छा स्रोत माना जाता है।
सी फूड: मछली, झींगे और समुद्री शैवाल में भरपूर मात्रा में आयोडीन पाया जाता है।