लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर अब सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिया है कि किसानों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा मिले, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बारिश से नुकसान, सरकार का तुरंत एक्शन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हालिया बारिश ने कई जिलों में किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसल से लेकर कटकर खलिहान में रखी फसल तक खराब हो गई। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएम ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को अलर्ट कर दिया है। निर्देश है कि अधिकारी खुद फील्ड में जाकर किसानों से मिलें और हालात समझें।
24 घंटे में राहत; सीएम का सख्त अल्टीमेटम
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि हर प्रभावित किसान को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां मिलकर तुरंत सर्वे करें। और नुकसान का सही आकलन कर रिपोर्ट तुरंत शासन को भेजी जाए। चेतावनी भी साफ है कि कहीं भी देरी या लापरवाही हुई तो कार्रवाई तय है।
डीएम को दिया गया बड़ा जिम्मा
गौरतलब है कि CM ने निर्देश दिया कि सभी जिलाधिकारी लगातार फील्ड में सक्रिय रहेंगे। गांव-गांव जाकर किसानों से मिलेंगे और फसल नुकसान की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करेंगे। सरकार का साफ संदेश है कि “कागजों पर नहीं, जमीन पर काम दिखना चाहिए।”
बीमा वाले किसानों के लिए खास निर्देश
जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उनके लिए राहत का रास्ता अलग से तय किया गया है। नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य होगा। टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। कटाई के बाद खलिहान में रखी फसल भी 14 दिन तक बीमा कवर में रहेगी
“सरकार आपके साथ है”; सीएम का भरोसा
आपको बता दें कि सीएम योगी ने कहा कि हर विपरीत परिस्थिति में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। लक्ष्य यह है कि किसी भी किसान को परेशानी न हो।
CM योगी ने सख्ती के साथ संवेदनशीलता का संदेश दिया है। बारिश से तबाही के बीच सरकार ने राहत की रफ्तार तेज कर दी है। प्रशासन को फील्ड में उतारकर जवाबदेही तय कर दी गई है। अब देखना होगा कि 24 घंटे वाला वादा जमीनी हकीकत बनता है या नहीं।