नोएडा : दरअसल नोएडा पुलिस ने आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में एक ऐतिहासिक छलांग लगाई है। आपको बता दें कि गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को जिले के पहले डिजिटल ई-मालखाने का उद्घाटन हुआ। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर-63 में बने नवीन मॉडर्न थाना भवन और आवासीय परिसर के साथ इस डिजिटल नवाचार का उद्घाटन किया।
आपको बता दें कि यह कोई मामूली उद्घाटन नहीं था, बल्कि बदलते समय की मांग के अनुसार पुलिसिंग में नवीन टेक्नोलॉजी के दम पर पारदर्शिता और द्रुत कार्रवाई के साथ न्याय की दिशा में बढ़ता एक प्रभावशाली कदम कहा जा सकता हैं।
जानें क्या है, ई-मालखाना? क्यों मचा है हड़कंप:
गौरतलब है कि नोएडा का पहला डिजिटल ई-मालखाना अब केस से जुड़े साक्ष्यों (सबूतों) की चोरी, गुमशुदगी या छेड़छाड़ पर पूरी तरह ब्रेक लगा देगा। अब हर सबूत का QR कोड जनरेट होगा, जिसे टैब से स्कैन करके उसका डिजिटल रिकॉर्ड तुरंत तैयार किया जाएगा। इससे न केवल सबूतों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि जांच अधिकारी किसी भी वक्त सिर्फ एक क्लिक में उनकी स्थिति और विवरण देख सकेंगे। जांच प्रक्रिया में रफ्तार भी बढ़ेगी और पारदर्शिता भी आएगी। ई-मालखाने की यह QR कोड आधारित प्रणाली अब जिले के अन्य थानों के लिए मॉडल बनेगी।
14 करोड़ का 'स्मार्ट थाना', क्या-क्या सुविधाएं? :
आपको बता दें कि करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बना यह थाना केवल ई-मालखाने तक ही सीमित नहीं है। यह एक अत्याधुनिक मॉडल पुलिस स्टेशन है, जिसमें हर सुविधा को देखते हुए पेपरलेस और हाई-टेक इको सिस्टम तैयार किया गया है यहाँ महिला हेल्प डेस्क (24x7), विवेचना कक्ष, साइबर कक्ष, रेस्ट रूम और जेल रहेगा। थाना भवन में पेपरलेस वर्किंग, हाई-स्पीड इंटरनेट और ग्रीन एनर्जी का भी इंतजाम है। सेक्टर-63 थाना नोएडा में अब सबसे स्मार्ट थाना कहलाने की होड़ में सबसे आगे निकल गया है।
पुलिसकर्मियों के लिए भी बड़ी सौगात :
जानकारी के अनुसार नए भवन के तहत पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय परिसर भी तैयार किया गया है। परिसर में मेस, बाहरी गतिविधियों के लिए स्पेस, और तनावमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है। यह एक ऐसा थाना होगा, जहां पुलिसकर्मी न केवल आधुनिक तकनीक से लैस रहेंगे, बल्कि उनके रहने-सहने और काम करने का माहौल भी पूरी तरह आधुनिक होगा।
महिलाओं के लिए बड़ी पहल :
गौरतलब है कि 24x7 महिला हेल्प डेस्क इस थाने की एक बड़ी विशेषता है। कोई भी महिला अब बिना संकोच यहां अपनी शिकायत दर्ज कर सकेगी। यह पहल नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा और भरोसे को नई मजबूती देने वाली है।
क्यों खास है यह मॉडल थाना? :
गौरतलब है कि इस मॉडल थाने से जांच में पारदर्शिता और रफ्तार आएगी। साथ ही सबूतों की सुरक्षा और डिजिटल रिकॉर्डिंग होगी। वहीं इस कदम से पेपरलेस और ग्रीन थाना बनेगा। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही महिलाओं के लिए 24x7 शिकायत निवारण सुविधा उपलब्ध होगी।
जिले के बाकी थानों के लिए बनेगा रोल मॉडल :
गौरतलब है कि पुलिस आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि यह थाना आने वाले समय में जिले के बाकी थानों के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा। तकनीक के इस प्रभावी उपयोग से पुलिसिंग में आम नागरिकों का भरोसा बढ़ेगा और सेवा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
नोएडा पुलिस ने अब साफ कर दिया है कि वह तकनीक का इस्तेमाल करके पारदर्शी और जनता के करीब पुलिसिंग को अपनाने के लिए तैयार है। QR कोड आधारित ई-मालखाना और पेपरलेस थाना जैसे कदम आने वाले वक्त में पूरे प्रदेश और देश के लिए मॉडल बन सकते हैं। नोएडा अब पुलिसिंग में भी स्मार्ट सिटी का असली चैंपियन बन रहा है।