नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज से सड़कों पर हाईटेक ई-सिटी बसें!: : CM योगी ने 44 बसों से...नोएडा बनेगा देश का सबसे बड़ा ई-बस हब; रूट, किराया व मिलने वाली सुविधा_एक नजर
नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज से सड़कों पर हाईटेक ई-सिटी बसें!

नोएडा : नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और यमुना सिटी के लाखों लोगों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। लंबे समय से बेहतर सार्वजनिक परिवहन का इंतजार कर रहे लोगों को CM योगी ने बड़ी सौगात दी। आज से शहर की सड़कों पर आधुनिक इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।

CM योगी ने वर्चुअल माध्यम से दी हरी झंडी :

आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से ई-सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखायी। 11-11 बसें तीनों प्राधिकरणों से रवाना की गयी। पहले चरण में 44 इलेक्ट्रिक बसों को सड़क पर उतारा जाएगा। 15 जून के बाद 100 बसों का संचालन शुरु होगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये बसें रोजाना नोएडा सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के मेडिकल डिवाइस पार्क से बसों को रवाना किया जायेगा।

10 लाख लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

आपको बता दें कि ई-सिटी बस सेवा शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के करीब 10 लाख निवासियों का सफर आसान होने की उम्मीद है। अब लोगों को मेट्रो स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सेक्टरों और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए बड़ी राहत होगी जो रोजाना नौकरी, पढ़ाई या अन्य कामों के लिए लंबी दूरी तय करते हैं।

सिर्फ ₹50 में नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे यात्री

गौरतलब है कि नई ई-बस सेवा में किराया तीन स्लैब में तय किया गया है।

  • 0 से 10 किलोमीटर तक — ₹20

  • 30 किलोमीटर तक — ₹30

  • 30 किलोमीटर से अधिक दूरी — ₹50

यानी यात्री बॉटनिकल गार्डन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट या परी चौक जैसे इलाकों से नोएडा एयरपोर्ट तक अधिकतम ₹50 में सफर कर सकेंगे।

इन बड़े रूटों पर चलेगी ई-सिटी बस सेवा

नई बस सेवा से शहर के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को जोड़ा जाएगा।

प्रमुख रूटों में शामिल हैं—

  • बॉटनिकल गार्डन से सिटी सेंटर होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट एक मूर्ति तक

  • बॉटनिकल गार्डन से नोएडा एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और रबूपुरा होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक

  • बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-50, सेक्टर-75, फेज-2 और सूरजपुर तक

  • बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-62 होते हुए गाजियाबाद RRTS स्टेशन तक

  • परी चौक से नोएडा एयरपोर्ट

  • चार मूर्ति से एयरपोर्ट

  • सूरजपुर से एयरपोर्ट

  • यमुना सिटी के अलग-अलग सेक्टरों तक

इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से ज्यादा मजबूत होगी।

नोएडा में बना यूपी का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत सेक्टर-90 में तैयार किया गया इलेक्ट्रिक बस डिपो है। इसे प्रदेश का पहला ऐसा डिपो बताया जा रहा है जहां केवल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। इस डिपो से भविष्य में करीब 510 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी है। बड़े स्तर पर बनाए गए इस इंफ्रास्ट्रक्चर से नोएडा इलेक्ट्रिक परिवहन का बड़ा केंद्र बन जाएगा।

150 चार्जिंग स्टेशन की तैयारी

ई-बसों को लगातार चलाने के लिए चार्जिंग व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। सेक्टर-90 डिपो में पीपीपी मॉडल पर करीब 150 चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है। इनमें से कई चार्जिंग पॉइंट तैयार हो चुके हैं, जहां एक साथ कई बसों को चार्ज किया जा सकेगा।

डबल डेकर बसें भी पहुंचीं, बढ़ेगा बेड़ा

अब तक कई इलेक्ट्रिक बसों के साथ डबल डेकर बसें भी नोएडा पहुंच चुकी हैं। आने वाले समय में बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। योजना है कि धीरे-धीरे बसों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया जाए ताकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों को बेहतर इलेक्ट्रिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिल सके।

देश का सबसे बड़ा ई-बस इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की तैयारी

आपको बता दें कि इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत नोएडा सेक्टर-90 में तैयार किया जा रहा विशाल ई-बस डिपो है। यहां से भविष्य में करीब 510 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।
दावा किया जा रहा है कि इतने बड़े स्तर पर ई-सिटी बसों के लिए तैयार किया गया इंफ्रास्ट्रक्चर नोएडा को देश के प्रमुख इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट केंद्रों में शामिल करेगा।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होंगी बसें

नई इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।

इनमें एयर कंडीशन सुविधा, CCTV कैमरे, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, आरामदायक सीटें, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक तकनीक मिलेंगे। हर बस में करीब 41 सीटों की सुविधा होगी।

प्रदूषण कम होगा, पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मिलेगी नई रफ्तार

इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से जहां लोगों का सफर आसान होगा, वहीं शहर में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी।

तेजी से विकसित हो रहे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के लिए यह कदम भविष्य के स्मार्ट और ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

अन्य खबरे