दिल्ली-NCR को मिलने जा रहा 4300 करोड़ का नया हाईस्पीड कॉरिडोर!: DND से घरबरा तक 31.4 किमी होगी लम्बाई, तीन हिस्सों में तैयार होगा पूरा कॉरिडोर, वहीं आगरा-मथुरा...जानें यह कॉरिडोर कैसे बदल देगी दिल्ली-NCR की पूरी तस्वीर
दिल्ली-NCR को मिलने जा रहा 4300 करोड़ का नया हाईस्पीड कॉरिडोर!

नोएडा : दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी को बदलने वाली एक और बड़ी परियोजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे तक सीधा रास्ता देने के लिए करीब 31.4 किलोमीटर लंबे नए रोड कॉरिडोर की योजना तैयार की जा रही है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली से आगरा, मथुरा और आगे लखनऊ की ओर जाने वाले लाखों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। सबसे खास बात यह होगी कि वाहन चालकों को यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने के लिए नोएडा शहर के अंदर ट्रैफिक में नहीं फंसना पड़ेगा।

4300 करोड़ की लागत से बनेगा नया रास्ता

आपको बता दें कि इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर करीब 4300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। डीएनडी से शुरू होकर यह नया कॉरिडोर घरबरा क्षेत्र तक जाएगा और सीधे यमुना एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट होगा। इससे दिल्ली से निकलने वाले वाहनों को एक नया और तेज विकल्प मिलेगा।

दिल्ली से आगरा-मथुरा का सफर होगा आसान

गौरतलब है कि अभी दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने के लिए कई वाहन नोएडा के अंदरूनी मार्गों से गुजरते हैं, जिससे शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ता है। नए कॉरिडोर के बनने के बाद—

दिल्ली से सीधे यमुना एक्सप्रेस-वे पहुंच सकेंगे

  • नोएडा शहर के ट्रैफिक से बचाव होगा

  • आगरा और मथुरा का सफर तेज होगा

  • जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी

तीन हिस्सों में तैयार होगा पूरा कॉरिडोर

विदित है कि इस प्रोजेक्ट को अलग-अलग चरणों में विकसित करने की योजना है।

पहला हिस्सा: डीएनडी से सेक्टर-94 तक

डीएनडी टोल प्लाजा से सेक्टर-94 तक करीब 5 किलोमीटर का एलिवेटेड हिस्सा बनाया जाएगा।

दूसरा हिस्सा: बंधा रोड एलाइनमेंट

लगभग 28 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के जरिए वाहनों को आगे की कनेक्टिविटी मिलेगी।

तीसरा हिस्सा: सेक्टर-151 से घरबरा तक

करीब 9.2 किलोमीटर का एलिवेटेड सेक्शन तैयार किया जाएगा, जो गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के आसपास यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा।

14 किलोमीटर से ज्यादा हिस्सा हवा में दौड़ेगा

योजना के अनुसार इस कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा एलिवेटेड होगा।

करीब 14.2 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है।

इसके साथ ही—

  • बड़े फ्लाईओवर

  • आधुनिक इंटरचेंज

  • ट्रंपेट इंटरचेंज

  • बेहतर एंट्री और एग्जिट पॉइंट

जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

ओखला बर्ड सेंचुरी क्षेत्र को लेकर विशेष तैयारी

गौरतलब है कि प्रोजेक्ट का एक हिस्सा ओखला बर्ड सेंचुरी के आसपास से गुजरने की संभावना है। इसी वजह से पर्यावरण और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए दोबारा अध्ययन किया जा रहा है। अगर जरूरी अनुमति नहीं मिलती है तो वैकल्पिक रास्ते पर भी विचार किया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण पर खर्च होंगे करीब 1400 करोड़

आपको बता दें कि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 4300 करोड़ रुपये है। इसमें लगभग 1400 करोड़ रुपये जमीन से जुड़े कार्यों पर खर्च होने की संभावना है। आने वाले समय में इस परियोजना को आगे बढ़ाने में NHAI की भूमिका भी अहम हो सकती है।

दिल्ली-NCR की रफ्तार बदलने वाला प्रोजेक्ट

यह नया कॉरिडोर सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि दिल्ली-NCR की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तैयार की जा रही बड़ी योजना है।

इसके शुरू होने के बाद नोएडा में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दिल्ली से आगरा-मथुरा की यात्रा पहले से ज्यादा तेज और आरामदायक हो सकेगी।

अन्य खबरे