नोएडा : दिल्ली से सटे नोएडा में निवेश और विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। Noida Authority ने एक साथ इंडस्ट्रियल, इंस्टीट्यूशनल और कमर्शियल कैटेगरी की बड़ी प्लॉट स्कीम लॉन्च कर दी है, जिसने कारोबारियों, बिल्डरों, शिक्षा संस्थानों और हेल्थ सेक्टर से जुड़े लोगों की धड़कनें तेज कर दी हैं। इस योजना के तहत इंडस्ट्री लगाने से लेकर स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग होम, कॉरपोरेट ऑफिस और बड़े होटल बनाने तक के लिए जमीन आवंटित की जाएगी। 19 मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 11 जून तक इच्छुक लोग आवेदन कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण का दावा है कि यह स्कीम शहर में बड़े निवेश को आकर्षित करेगी और हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए दरवाजे खोलेगी। खास बात यह है कि इस बार प्लॉट आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-ऑक्शन और इंटरव्यू सिस्टम से किया जाएगा। जो सबसे ज्यादा बोली लगाएगा या तय मानकों पर खरा उतरेगा, वही करोड़ों की इस जमीन का मालिक बन सकेगा।
इंडस्ट्री लगाने वालों के लिए बड़ा मौका
आपको बता दें कि नोएडा प्राधिकरण ने इंडस्ट्रियल कैटेगरी में कुल 19 प्लॉट बाजार में उतारे हैं। इन प्लॉटों पर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, प्रोसेसिंग प्लांट और औद्योगिक प्रोजेक्ट लगाए जा सकेंगे। सेक्टर-3, 6, 7, 9, 10, सेक्टर-80, 162, 164, फेज-2 और सेक्टर-67 जैसे प्रमुख इलाकों में ये प्लॉट मौजूद हैं। इन प्लॉटों का आकार 115 वर्गमीटर से लेकर लगभग 8 हजार वर्गमीटर तक रखा गया है। वहीं इनकी रिजर्व कीमत करीब 65 लाख रुपए से शुरू होकर 18 करोड़ रुपए तक पहुंच रही है। यानी छोटे कारोबारी से लेकर बड़े उद्योगपति तक इस स्कीम में हिस्सा ले सकते हैं।
स्कूल और अस्पतालों के लिए भी निकली करोड़ों की जमीन
नोएडा तेजी से एजुकेशन और हेल्थ हब बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने स्कूल, अस्पताल और नर्सिंग होम के लिए भी बड़े प्लॉट निकाले हैं। सेक्टर-19 में लगभग 18 हजार वर्गमीटर का विशाल स्कूल प्लॉट रखा गया है, जिसकी रिजर्व कीमत करीब 143 करोड़ रुपए तय की गई है। वहीं सेक्टर-42 में करीब 5 हजार वर्गमीटर का दूसरा स्कूल प्लॉट भी उपलब्ध कराया गया है। इन दोनों प्लॉटों का आवंटन इंटरव्यू प्रक्रिया के जरिए होगा। इसके अलावा सेक्टर-117 और सेक्टर-145 में बड़े अस्पतालों के लिए 10-10 हजार वर्गमीटर के प्लॉट निकाले गए हैं। वहीं सेक्टर-41 और सेक्टर-47 में नर्सिंग होम के लिए भी प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। माना जा रहा है कि इससे नोएडा में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगा।
होटल और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए खुला सुनहरा मौका
गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण ने कमर्शियल सेक्टर में भी बड़ा दांव खेला है। सेक्टर-18, 93बी और 96 में बड़े कमर्शियल बिल्डर प्लॉट निकाले गए हैं, जहां विशाल होटल, बिजनेस सेंटर और हाई-एंड कमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित किए जा सकेंगे। इन प्लॉटों का क्षेत्रफल 29 हजार से लेकर 37 हजार वर्गमीटर तक है। इसके अलावा सेक्टर-71, 124 और 142 में होटल निर्माण के लिए अलग से प्लॉट रखे गए हैं। इनका आवंटन ई-ऑक्शन के जरिए होगा।
एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से बढ़ी जमीन की कीमत
Noida International Airport, फिल्म सिटी, डाटा सेंटर और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स के चलते शहर की जमीन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में इस स्कीम को निवेशकों के लिए “गोल्डन चांस” माना जा रहा है। रियल एस्टेट विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले वर्षों में नोएडा देश के सबसे बड़े बिजनेस और कमर्शियल हब्स में शामिल हो सकता है।
जानें आवेदन व चयन की प्रक्रिया और आवेदन की तारीख
विदित है कि प्राधिकरण के अनुसार 19 मई से आवेदन शुरू होंगे। 9 जून शाम 5 बजे तक EMD जमा करनी होगी, जबकि 11 जून आवेदन की अंतिम तारीख होगी। इसके बाद ई-ऑक्शन और इंटरव्यू प्रक्रिया के जरिए प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। Noida Authority Official Website के स्कीम सेक्शन में जाकर प्लॉट डिटेल्स देखकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
नोएडा में बढ़ते निवेश, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी योजनाओं के बीच यह स्कीम सिर्फ जमीन खरीदने का मौका नहीं, बल्कि भविष्य में बड़ा कारोबार खड़ा करने का अवसर मानी जा रही है।