लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को चुनावी घोषणा पत्र जारी कर युवाओं, किसानों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए। लेकिन इन घोषणाओं पर अब भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा नेताओं ने सपा के घोषणा पत्र को 'धोखापत्र', 'लूटपत्र' और झूठे वादों का पुलिंदा बताते हुए अखिलेश यादव के पुराने कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर चुनाव से पहले वादों का पुलिंदा लेकर आती है, लेकिन जनता अब उसके झांसे में नहीं आने वाली। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के पिछले शासनकाल में प्रदेश ने डर, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति देखी थी। उन्होंने अखिलेश यादव से अपने पुराने कार्यकाल का हिसाब देने की बात कही।
केशव मौर्य बोले- सत्ता से बाहर होकर याद आ रहे बड़े-बड़े वादे
आपको बता दें कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा के घोषणा पत्र पर निशाना साधा। उन्होंने इसे 'ढकोसलापत्र' बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव ने सुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन अब सत्ता से बाहर होने के बाद बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने झूठे वादों की पूरी दुकान खोल दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सपा शासन के कथित गुंडाराज और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोपों को भूली नहीं है। भाजपा नेता ने 2027 के चुनाव में भाजपा की वापसी का भरोसा भी जताया।
युवाओं के लिए नौकरी और हर महीने 5 हजार रुपये
गौरतलब है कि घोषणा पत्र में रोजगार को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। सपा ने वादा किया है कि पांच साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इसके साथ ही दो से तीन करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी के मुताबिक, जब तक स्नातक युवाओं को नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, तब तक उन्हें हर महीने 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। सरकारी भर्तियों को समय पर पूरा करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने का भी वादा किया गया है। 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू करने की बात कही गई है।
महिलाओं और गरीबों के लिए बड़े ऐलान
महिलाओं के लिए सपा ने सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। यह लाभ बुजुर्ग महिलाओं, महिला कारीगरों और निर्माण क्षेत्र से जुड़ी श्रमिकों को देने की घोषणा की गई है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी अलग योजनाएं लाने की बात कही गई है। गरीबों और पीडीए वर्ग के लोगों के लिए प्रदेश में समाजवादी कैंटीन खोलने का प्रस्ताव है। यहां पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने की योजना भी शामिल है।
किसानों की कर्जमाफी और 24 घंटे में गन्ना भुगतान
किसानों को साधने के लिए पार्टी ने तत्काल कर्जमाफी का वादा किया है। इसके अलावा 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है। आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के दाम गिरने पर किसानों को राहत देने के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था लागू करने का भी प्रस्ताव है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का विशेष फंड बनाने और इसके माध्यम से 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी की गई है।
मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य बीमा और पुरानी पेंशन
ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है। गरीब परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही गई है। सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल खोलने की योजना भी घोषणा पत्र में शामिल है। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग समाप्त करने का वादा किया गया है। शिक्षामित्रों के मानदेय में 5 हजार रुपये मासिक बढ़ोतरी और बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने की घोषणा भी की गई है।
जमीन कब्जे और अपराध पर सख्त कार्रवाई का वादा
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, अवैध वसूली और जमीनों पर कब्जे जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीन विवादों और अवैध कब्जों से निपटने के लिए अलग विशेष एसटीएफ बनाने की बात कही गई है। उन्होंने दावा किया कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। घोषणा पत्र में जातिगत जनगणना, सरकारी ठेकों में पीडीए और दलित वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, शहरी रोजगार गारंटी कानून और गांवों को बेहतर सड़क, इंटरनेट तथा बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने जैसे वादे भी शामिल हैं।
फिलहाल दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। 2027 के विधानसभा चुनाव में रोजगार, किसान, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे बड़े राजनीतिक सवाल बन सकते हैं। अब चुनावी बहस का केंद्र यही है कि जनता किसके वादों और किसके शासन के रिकॉर्ड पर भरोसा करती है।