योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल!: 28 IPS अफसरों के तबादलें; जे. रविंदर गौड़ बने नोएडा के नये पुलिस कमिश्नर, वहीं गाजियाबाद के कमिश्नर...प्रमुख तबादले_एक नजर
योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को जारी आदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती की गई है। इस फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट से लेकर जोन और रेंज स्तर तक के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नरों में हुए बदलाव को लेकर है। वहीं, अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदल दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में नई जिम्मेदारियां सौंपने और अलग-अलग क्षेत्रों में कामकाज को बेहतर बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

नोएडा और गाजियाबाद में बदले पुलिस कमिश्नर

आपको बता दें कि तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में हुआ है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यानी दोनों अधिकारियों की तैनाती आपस में बदल दी गई है। नोएडा कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में एसपी बनाया गया है। वहीं, डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

प्रयागराज और वाराणसी में भी बड़ा बदलाव

गौरतलब है कि वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी दी गई है। लखनऊ परिक्षेत्र के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के बाद वाराणसी और प्रयागराज, दोनों कमिश्नरेट में नई नेतृत्व व्यवस्था लागू होगी।

एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी फेरबदल

सरकार ने जोन और रेंज स्तर पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। एडीजी बरेली जोन रहे रहमत शर्मा को एडीजी लखनऊ जोन बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है। डीआईजी स्तर पर भी कई अहम बदलाव हुए हैं। अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र भेजा गया है। आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय अब अलीगढ़ की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि तकनीकी सेवाओं में तैनात डीआईजी आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र भेजा गया है।

अयोध्या और मुरादाबाद के कप्तान भी बदले

विदित है कि जिलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। इस तरह दोनों जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारी बदल दी गई है।

कई अन्य अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती

तबादला सूची में अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आकाश तोमर को पुलिस अकादमी मुरादाबाद का एसपी, अमित कुमार को ईओडब्ल्यू का एसपी और नरेंद्र कुमार सिंह को पीटीसी सीतापुर का एसपी बनाया गया है। डॉ. अनिल कुमार पांडेय को कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय और राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर, अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन और दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी बनाया गया है। कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर का डीसीपी और प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

तीन पुराने तबादले भी किए गए निरस्त

इस आदेश में तीन अधिकारियों के पहले जारी किए गए स्थानांतरण निरस्त करने का फैसला भी शामिल है। पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत के पुराने तबादले रद्द कर दिए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद, नीतू को लखनऊ और अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

28 आईपीएस अधिकारियों के इस फेरबदल से प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और पुलिस इकाइयों में नेतृत्व बदल गया है। अब नई तैनाती के बाद इन अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को प्रभावी ढंग से संभालने की जिम्मेदारी होगी।

अन्य खबरे