यूपी में देर रात 38 अफ़सरों के तबादले!: जोगिंदर सिंह बिजनौर तो सुनील कुमार मुजफ्फरनगर के नये DM, वहीं नोएडा ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में...
यूपी में देर रात 38 अफ़सरों के तबादले!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच योगी सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात जारी तबादला आदेशों में 38 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। इनमें पांच जिलों के जिलाधिकारी, कई मुख्य विकास अधिकारी (CDO), नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही 12 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में फील्ड तैनाती दी गई है। अचानक हुए इस फेरबदल के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

पांच जिलों में बदले जिलाधिकारी

आपको बता दें कि इस तबादला सूची में सबसे ज्यादा चर्चा पांच जिलों के डीएम बदले जाने को लेकर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। सीतापुर के मौजूदा डीएम राजागणपति आर को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। महराजगंज और सिद्धार्थनगर में भी जिलाधिकारियों की अदला-बदली हुई है। गौरव सिंह सोगरवाल को महराजगंज से हटाकर सिद्धार्थनगर का डीएम बनाया गया है, जबकि शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर से महराजगंज भेजा गया है। वहीं, जोगिंदर सिंह को बिजनौर और सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्रा को विशेष सचिव, नगर विकास और बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ, गाजियाबाद और वाराणसी में भी बदले अधिकारी

गौरतलब है कि विकास प्राधिकरणों और नगर निगमों में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद भेजा गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह अभिषेक कुमार को गोरखपुर का सीडीओ नियुक्त किया गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त और प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा अयोध्या, मेरठ, फतेहपुर, श्रावस्ती, अलीगढ़ और फिरोजाबाद में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

12 प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को मिली फील्ड पोस्टिंग

आईएएस अधिकारियों के साथ 12 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को भी जिलों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। इनमें 2024 बैच के तीन और 2025 बैच के नौ अधिकारी शामिल हैं। अभिषेक अंजनी सिंह को गोरखपुर, आदित्य आचार्य को वाराणसी कमिश्नरेट और अक्षत मणिधवाल को जौनपुर में तैनाती मिली है। आयेंद्र कुमार को गाजियाबाद कमिश्नरेट, के. अर्पिता को हरदोई, कशिश कालरा को कानपुर देहात और कुणाल कुमार को प्रतापगढ़ भेजा गया है। इसी तरह कुणाल यादव को सहारनपुर, राजेंद्र बिश्नोई को एटा, शिवांक चौधरी को लखनऊ कमिश्नरेट, सृष्टि मिश्रा को मथुरा और योगेंद्र मीणा को सीतापुर में तैनात किया गया है।

चुनाव आयोग के निर्देशों के बीच अहम बदलाव

विदित है कि इन तबादलों को विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोग ने 27 अक्टूबर को निर्देश दिया था कि 31 मई 2027 तक किसी जिले में तीन साल की सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाए। नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों पर भी यह व्यवस्था लागू करने को कहा गया था। साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव में किसी क्षेत्र में तैनात रहे अधिकारियों को दोबारा उसी क्षेत्र में जिम्मेदारी न देने के निर्देश दिए गए थे।

सरकार की ओर से अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस बड़े फेरबदल के बाद अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नई तैनाती के साथ जिलों और प्रमुख प्रशासनिक संस्थानों में कामकाज किस तरह आगे बढ़ता है।

अन्य खबरे