अब सिर्फ 2 घंटे 12 मिनट में दिल्ली से लखनऊ!: यूपी में बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर का सामने आया पूरा रूट मैप...देखे निर्धारित रूट और किराया?
अब सिर्फ 2 घंटे 12 मिनट में दिल्ली से लखनऊ!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आने वाले समय में रेल यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है। देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार की तैयारी के बीच नॉर्दर्न हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। इस प्रस्तावित परियोजना के तहत दिल्ली से लखनऊ तक का सफर महज 2 घंटे 12 मिनट में पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है। अभी जिस दूरी को तय करने में यात्रियों को कई घंटे लगते हैं, वह सफर भविष्य में कुछ ही समय में पूरा हो सकेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, प्रस्तावित कॉरिडोर उत्तर भारत के कई बड़े शहरों को आपस में जोड़ेगा। इससे उत्तर प्रदेश के साथ बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है।

दिल्ली से यूपी के कई बड़े शहरों तक पहुंचेगी बुलेट ट्रेन

आपको बता दें कि प्रस्तावित नॉर्दर्न कॉरिडोर में दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज होते हुए आगे बिहार और पश्चिम बंगाल के रास्ते सिलीगुड़ी तक कनेक्टिविटी की योजना बताई गई है। इस नेटवर्क को आगे गुवाहाटी तक बढ़ाने की भी जानकारी सामने आई है। इससे उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो सकता है। खासकर नौकरी, कारोबार, शिक्षा और धार्मिक पर्यटन के लिए एक शहर से दूसरे शहर जाने वाले लोगों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

जानिए किन शहरों के बीच कितना लगेगा समय?

गौरतलब है कि रेल मंत्री की ओर से बताए गए अनुमानित यात्रा समय के अनुसार:

  • दिल्ली से आगरा: लगभग 59 मिनट

  • दिल्ली से कानपुर: लगभग 1 घंटा 45 मिनट

  • दिल्ली से लखनऊ: लगभग 2 घंटे 12 मिनट

  • दिल्ली से वाराणसी: लगभग 3 घंटे 33 मिनट

  • लखनऊ से वाराणसी: लगभग 1 घंटा 21 मिनट

  • वाराणसी से प्रयागराज: लगभग 33 मिनट

  • वाराणसी से पटना: लगभग 1 घंटा

ये प्रस्तावित यात्रा समय हैं। वास्तविक समय अंतिम रूट, स्टेशनों और ट्रेन संचालन की योजना के अनुसार तय होगा।

कितना होगा बुलेट ट्रेन का किराया?

विदित है कि बुलेट ट्रेन को लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल इसके टिकट की कीमत को लेकर है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, किराया हवाई जहाज के टिकट से कम रखने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस आधुनिक रेल सेवा का लाभ उठा सकें। हालांकि, अभी टिकट की वास्तविक कीमत घोषित नहीं की गई है।

पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा

इस कॉरिडोर का फायदा केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। आगरा, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक शहरों तक तेज कनेक्टिविटी मिलने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और स्थानीय कारोबार को फायदा मिलने की संभावना है। इसके अलावा बड़े शहरों के बीच आवागमन आसान होने से व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। स्टेशन के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अभी कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन?

फिलहाल यात्रियों को इस ट्रेन के शुरू होने का इंतजार करना होगा। प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना, निर्माण, स्टेशन और संचालन से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आनी बाकी है। किराया और नियमित सेवा शुरू होने की तारीख भी अभी घोषित नहीं हुई है।

अगर यह परियोजना योजना के मुताबिक आगे बढ़ती है, तो उत्तर प्रदेश में रेल यात्रा की तस्वीर बदल सकती है। दिल्ली से लखनऊ का सफर महज 2 घंटे 12 मिनट में पूरा होना निश्चित रूप से यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकता है।

अन्य खबरे