वेनेजुएला/विश्व: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। चीन और उत्तर कोरिया ने एकसाथ अमेरिका की इस कार्रवाई को कड़ी निंदा करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की है।
चीन का कड़ा रुख: "यह गलत, समाधान बातचीत से हो"
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चीनी विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि : "किसी संप्रभु देश के राष्ट्रपति को इस तरह अगवा करना पूरी तरह गलत है। यह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन है। इस मुद्दे का समाधान बातचीत और कूटनीतिक रास्तों से होना चाहिए, बल प्रयोग से नहीं।"
चीन ने इससे पहले भी अमेरिकी कार्रवाई पर "अस्वीकार्य" और "खतरनाक मिसाल" बताकर अपना विरोध जता चुका है।
उत्तर कोरिया का तीखा हमला; अमेरिका कर रहा है गुंडागर्दी :
गौरतलब है कि उत्तर कोरियाई विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में अमेरिका पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि "अमेरिका की यह कार्रवाई किसी भी देश की संप्रभुता और आजादी पर सबसे गंभीर हमला है। यह शुद्ध गुंडागर्दी है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसे रोकना चाहिए।"
मामला क्या है? ताजा अपडेट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2 जनवरी, 2026 की रात अमेरिकी विशेष बलों ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस पर ऑपरेशन कर मादुरो दंपति को अगवा किया। दोनों को न्यूयॉर्क लाया गया है और एक डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। अमेरिका उन पर हथियार और ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि यह ऑपरेशन "अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जरूरी" था।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं का बढ़ता दबाव
रूस: उप-सुरक्षा परिषद प्रमुख दिमित्री मेदवेदेव ने कहा – "अमेरिका अपने फायदे के लिए कोई भी कदम उठाने से नहीं हिचकता।"
वेनेजुएला का रक्षा मंत्री: व्लादिमीर पाद्रीनो लोपेज ने चेतावनी दी – "यह कदम पूरी दुनिया की स्थिरता के लिए खतरा है।"
अमेरिका का रुख: विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा – "वेनेजुएला में अभी चुनाव कराना जल्दबाजी होगी। पहले नीतिगत बदलाव जरूरी हैं।"
तस्वीरों में कैद हैं मादुरो :
मीडिया में सामने आई तस्वीरों में मादुरो न्यूयॉर्क के स्टुअर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर नजर आए। उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से "हैप्पी न्यू ईयर" कहा। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें मादुरो हथकड़ी, आंखों पर पट्टी और हेडफोन के साथ दिखे।
क्यों महत्वपूर्ण है यह विवाद?
किसी देश की राष्ट्रपति की गिरफ्तारी होना संप्रभुता का सवाल है। एक देश की सेना द्वारा दूसरे देश के निर्वाचित राष्ट्रपति को अगवा करना अंतरराष्ट्रीय कानून में अभूतपूर्व माना जा रहा है। अमेरिका के इस कदम से चीन-रूस बनाम अमेरिका के बीच नया भू-राजनीतिक तनाव पैदा हो सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार पर नियंत्रण इस संकट की एक बड़ी वजह है।
अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ने के बावजूद अमेरिका अभी रिहाई के लिए तैयार नहीं दिख रहा। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस मुद्दे पर वोटिंग हो सकती है, जहां चीन और रूस के वीटो का खतरा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह संकट लंबा खिंच सकता है और वैश्विक तनाव को नई दिशा दे सकता है।