मारुति ने लॉन्च की भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार!: : 85% इथेनॉल से दौड़ेगी वैगन-आर बायोफ्लेक्स, 6 एयरबैग, 7 इंच टचस्क्रीन सहित मिलेंगे ये सारे फीचर्स, वहीं कीमत मात्र...जानिए क्या है फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक और क्यों है ये इतनी खास?
मारुति ने लॉन्च की भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार!

नई दिल्ली: भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक नए दौर की शुरुआत हो गई है। मारुति सुजुकी ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार वैगन-आर बायोफ्लेक्स लॉन्च कर दी है। खास बात यह है कि यह कार E85 फ्यूल यानी 85% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चलने में सक्षम है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹7.24 लाख तय की है और इसे दो वैरिएंट में पेश किया गया है। हालांकि शुरुआत में यह कार आम ग्राहकों के बजाय टैक्सी और फ्लीट जैसे कॉमर्शियल सेगमेंट के लिए उपलब्ध होगी। नई वैगन-आर बायोफ्लेक्स अपने पेट्रोल मॉडल के मुकाबले करीब ₹86 हजार महंगी है।

पेट्रोल वैगन-आर जैसी डिजाइन, लेकिन तकनीक पूरी तरह अलग

आपको बता दें कि बाहरी रूप से देखने पर वैगन-आर फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल सामान्य वैगन-आर जैसा ही नजर आता है, लेकिन एथेनॉल आधारित ईंधन पर चलाने के लिए इसमें कई बड़े तकनीकी बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इसमें नए फ्यूल इंजेक्टर्स, नया फ्यूल पंप, मजबूत फ्यूल लाइन, री-कैलिब्रेटेड ECU और खास एथेनॉल सेंसर लगाया है। इन्हीं बदलावों की वजह से कार E85 फ्यूल पर आसानी से चल सकती है।

1.2 लीटर इंजन के साथ मिलेगी नई तकनीक

गौरतलब है कि वैगन-आर बायोफ्लेक्स में कंपनी ने मौजूदा 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन को ही फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के हिसाब से बदला है। इसमें फिलहाल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा। कंपनी ने अभी आधिकारिक माइलेज की जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार E85 फ्यूल इस्तेमाल करने पर माइलेज में कुछ कमी देखने को मिल सकती है।

फ्लेक्स-फ्यूल बैजिंग देगी अलग पहचान

विदित है कि नई वैगन-आर के डिजाइन में बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि इसे अलग पहचान देने के लिए बॉडी पर Flex Fuel ग्राफिक्स और पीछे Bioflex बैज दिया गया है। कार में वही लोकप्रिय टॉल-बॉय डिजाइन, बड़े हेडलैंप, चौड़ा केबिन और प्रैक्टिकल लुक जारी रखा गया है।

अंदर मिलेगा मॉडर्न और आरामदायक केबिन

वैगन-आर बायोफ्लेक्स के अंदर ब्लैक और बेज डुअल-टोन थीम दी गई है। कार में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें 7 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले सपोर्ट करता है। इसके अलावा 4-स्पीकर साउंड सिस्टम, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, पावर विंडो और बेहतर स्पेस जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

सेफ्टी में भी बड़ा ध्यान, मिलेंगे 6 एयरबैग

आपको बता दें कि मारुति ने सुरक्षा के मामले में भी इस कार को मजबूत बनाया है। इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ABS के साथ EBD, रियर पार्किंग सेंसर, सीट बेल्ट रिमाइंडर और हिल होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

क्या होता है फ्लेक्स-फ्यूल?

फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली गाड़ियां पेट्रोल के साथ ज्यादा मात्रा में एथेनॉल मिले ईंधन पर चल सकती हैं। E85 फ्यूल में करीब 85% एथेनॉल और बाकी पेट्रोल होता है। इस तकनीक का उद्देश्य पेट्रोल पर निर्भरता कम करना, वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना और प्रदूषण कम करने में मदद करना है।

भारत के ऑटो सेक्टर में नई शुरुआत

मारुति सुजुकी की वैगन-आर बायोफ्लेक्स को देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले समय में अगर एथेनॉल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होता है तो ऐसी गाड़ियां भारतीय बाजार में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।

अन्य खबरे