AC ब्लास्ट; जानें भीषण गर्मी में राहत प्रदाता किन गलतियों की वजह से बन रहा हैं जानलेवा!: दिल्ली में 20 दिन में 10 मौतें... एक्सपर्ट्स ने बताए AC ब्लास्ट के 10 बड़े कारण और बचाव के तरीके_एक नज़र
AC ब्लास्ट; जानें भीषण गर्मी में राहत प्रदाता किन गलतियों की वजह से बन रहा हैं जानलेवा!

नई दिल्ली/लाइफस्टाइल : भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर अब लोगों की जरूरत बन चुका है, लेकिन यही AC अब कई घरों में मौत का कारण बनता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों में एसी ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने लोगों को डरा दिया है। हालत यह है कि मई महीने में ही एसी से जुड़े हादसों में 10 लोगों की जान जा चुकी है।

दिल्ली के हादसों ने खड़े किए सवाल :

आपको बता दें कि दिल्ली के विवेक विहार, गोकुलपुरी और जीटीबी एंक्लेव जैसे इलाकों में हुए हादसों ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या घरों में लगा AC अब “टिक-टिक करता खतरा” बन चुका है? दमकल विभाग और एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेज गर्मी, लगातार एसी चलाना, खराब वायरिंग और लापरवाही इन हादसों की सबसे बड़ी वजह बन रही है।

दिल्ली में आग की घटनाओं ने तोड़े रिकॉर्ड

गौरतलब है कि दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक राजधानी में मई महीने के दौरान आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। हर दिन औसतन 125 से 150 कॉल्स आग लगने की आ रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 21 मई को एक ही दिन में आग लगने की 232 कॉल्स दर्ज की गईं, जिसने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह बनता है और इसमें एयर कंडीशनर बड़ी भूमिका निभाता है।

विवेक विहार हादसा: एक ब्लास्ट और 9 जिंदगियां खत्म

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था। चार मंजिला इमारत में एसी ब्लास्ट के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 9 लोगों की जान चली गई, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, इसके अलावा गोकुलपुरी के जौहरीपुर में एसी में आग लगने से 4 साल के बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई, जीटीबी एंक्लेव में एसी ब्लास्ट के बाद घर में आग लगी, हालांकि परिवार समय रहते बच निकला। इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर लोग AC सुरक्षा से जुड़ी जानकारी तेजी से खोज रहे हैं।

आखिर क्यों फट रहे हैं AC?

गौरतलब है कि एसी एंड रेफ्रिजरेशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक तेज गर्मी में लगातार AC चलाने से मशीन पर भारी दबाव पड़ता है। खासकर जब लोग 15 से 24 घंटे लगातार AC चलाते हैं तो कंप्रेसर ओवरहीट होने लगता है। इसके अलावा कई दूसरी बड़ी वजहें भी सामने आई हैं—

AC ब्लास्ट की मुख्य वजहें

  • लगातार कई घंटे AC चलाना
  • समय पर सर्विस न कराना
  • घटिया वायरिंग और लूज कनेक्शन
  • कमरे के हिसाब से गलत टन का AC लगाना
  • आउटडोर यूनिट को धूप या बंद जगह पर लगाना
  • पुराने AC का लंबे समय तक इस्तेमाल
  • नकली गैस या गैस लीकेज
  • कूलिंग कॉइल में गंदगी जमा होना
  • कमजोर एक्सटेंशन बोर्ड और खराब MCB

एक्सपर्ट्स का कहना है कि कई लोग बिजली बचाने के चक्कर में लोकल वायर और सस्ते उपकरण लगवा लेते हैं, जो बाद में हादसे की वजह बनते हैं।

“16 डिग्री” पर AC चलाना कितना खतरनाक?

विशेषज्ञों के मुताबिक लोग तेज ठंडक के लिए AC को 16 डिग्री पर लगातार चलाते रहते हैं। इससे कंप्रेसर लगातार काम करता रहता है और उसे आराम नहीं मिलता। यही वजह है कि मशीन ओवरहीट होकर आग पकड़ सकती है या ब्लास्ट हो सकता है।

इन छोटी सावधानियों से बच सकती है जिंदगी

विदित है कि एक्सपर्ट्स का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को रोक सकती है।

AC इस्तेमाल करते समय जरूर रखें ध्यान

  • AC को लगातार घंटों तक न चलाएं
  • 24 से 26 डिग्री तापमान पर चलाएं
  • टाइमर का इस्तेमाल करें
  • हर सीजन से पहले सर्विस जरूर कराएं
  • अच्छी क्वालिटी की MCB लगवाएं
  • वायरिंग और सॉकेट की जांच कराएं
  • वोल्टेज फ्लक्चुएशन हो तो स्टेबलाइजर लगाएं
  • जलने की गंध या स्पार्किंग दिखे तो तुरंत बंद करें

अगर AC में आग लग जाए तो क्या करें?

दमकल विभाग ने लोगों को साफ निर्देश दिए हैं—

  • सबसे पहले मेन बिजली सप्लाई बंद करें
  • तुरंत घर खाली करें
  • 112 या फायर ब्रिगेड को कॉल करें
  • पानी डालने की गलती न करें
  • रेत या फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करें

एक्सपर्ट की चेतावनी

दिल्ली फायर सर्विस के डिप्टी फायर चीफ ए.के. मलिक का कहना है कि खराब वायरिंग, लूज कनेक्शन और AC की अनदेखी आग की बड़ी वजह बन रही है। वहीं एसी एंड रेफ्रिजरेशन इंजीनियर मुमताज अली के मुताबिक, “AC का रखरखाव न करना और लगातार बिना रेस्ट दिए चलाना बेहद खतरनाक है। समय पर सर्विस और सही इंस्टॉलेशन बहुत जरूरी है।”

दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ऐसे में लोग दिन-रात AC चला रहे हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स चेतावनी दे रहे हैं कि अगर समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो आने वाले दिनों में ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं। एक छोटी लापरवाही पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकती है।

अन्य खबरे