नई दिल्ली/तकनीकी : सोशल मीडिया की दुनिया में अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब तक फ्री में इस्तेमाल होने वाले WhatsApp, Instagram और Facebook के लिए Meta ने नया ‘पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल’ पेश कर दिया है। यानी आने वाले समय में अगर यूजर्स को एक्सक्लूसिव फीचर्स, ज्यादा रीच, एडवांस टूल्स और प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहिए, तो उन्हें हर महीने पैसे चुकाने होंगे। Meta के इस ऐलान ने करोड़ों यूजर्स को चौंका दिया है। कंपनी अब सिर्फ विज्ञापनों से कमाई पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि सीधे यूजर्स से भी रेवेन्यू कमाने की तैयारी में है। Meta का कहना है कि नए ‘Plus Plans’ के जरिए यूजर्स को पहले से ज्यादा पावरफुल और पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस मिलेगा।
Instagram और Facebook के लिए अलग ‘Plus Plan’
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि Meta ने Instagram Plus और Facebook Plus प्लान की शुरुआती कीमत 3.99 dollar प्रति महीना रखी है, जो भारतीय रुपये में करीब 387 रुपए बनती है। हालांकि भारत में आधिकारिक कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है। इन प्लान्स में यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे, जो सामान्य फ्री यूजर्स को नहीं दिए जाएंगे।
Instagram Plus में क्या मिलेगा?
गौरतलब है कि Meta के मुताबिक Instagram Plus यूजर्स को कई एडवांस फीचर्स दिए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं—
स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई, यह देखने का फीचर
अनलिमिटेड क्लोज फ्रेंड्स ऑडियंस लिस्ट
बिना नाम दिखाए स्टोरी प्रीव्यू देखने का विकल्प
24 घंटे से ज्यादा समय तक स्टोरी लाइव रखने की सुविधा
हर हफ्ते एक स्टोरी को “स्पॉटलाइट” करने का फीचर
स्टोरी व्यूअर्स को सर्च करने का ऑप्शन
एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन
कस्टम ऐप आइकन
बायो के लिए खास फॉन्ट्स
ज्यादा प्रोफाइल पिन करने की सुविधा
WhatsApp भी अब होगा ‘प्रीमियम’!
विदित है कि Meta ने WhatsApp Plus प्लान भी लॉन्च कर दिया है, जिसकी कीमत 2.99 dollar यानी करीब 290 रुपए महीना हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक WhatsApp Plus में यूजर्स को मिलेंगे—
कस्टम चैट थीम
यूनिक रिंगटोन
प्रीमियम स्टिकर्स
ज्यादा चैट्स पिन करने का फीचर
एडवांस पर्सनलाइजेशन टूल्स
यानी अब WhatsApp सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं रहेगा, बल्कि ज्यादा प्रीमियम और पर्सनल एक्सपीरियंस देने वाला प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है।
Meta Verified से अलग हैं ये प्लान
Meta ने साफ किया है कि ये नए प्लान “Meta Verified” से अलग होंगे। Meta Verified में अभी ब्लू टिक, पहचान सत्यापन और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जबकि नए Plus Plans खासतौर पर एक्सपीरियंस और फीचर्स पर फोकस करेंगे।
Meta AI के लिए भी लॉन्च हुए नए प्लान
Meta अब AI की दुनिया में भी बड़ा दांव खेल रही है। कंपनी ने “Meta One” नाम से नए AI सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किए हैं।
Meta One Plus
कीमत: 7.99 dollar (करीब 775 रुपए महीना)
AI इमेज, वीडियो और लंबी रीजनिंग टास्क के लिए बेहतर एक्सेस
Meta One Premium
कीमत: 19.99 dollar (करीब 1,939 रुपए महीना)
ज्यादा यूज लिमिट और एडवांस फीचर्स
हालांकि कंपनी ने कहा है कि Meta AI का बेसिक इस्तेमाल फ्री रहेगा, लेकिन ज्यादा इस्तेमाल करने वालों को बाद में पेड प्लान लेना पड़ सकता है।
क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स पर भी फोकस
गौरतलब है कि Meta ने कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी नए प्लान पेश किए हैं।
Meta One Essential
कीमत: 14.99 dollar (करीब 1454 रुपए)
बेहतर प्रोफाइल लिंकिंग
वेरिफिकेशन बेनिफिट्स
सोशल मीडिया प्रमोशन टूल्स
Meta One Advanced
यह प्लान खासतौर पर इंफ्लुएंसर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें फेसबुक फीड और सर्च रिजल्ट्स में ज्यादा प्राथमिकता जैसे फीचर्स दिए जाएंगे।
क्या अब फ्री यूजर्स पीछे रह जाएंगे?
विदित है कि Meta के इस कदम के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में फ्री यूजर्स को सीमित फीचर्स ही मिलेंगे? विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी धीरे-धीरे प्रीमियम फीचर्स को बढ़ावा देकर यूजर्स को सब्सक्रिप्शन मॉडल की ओर ले जाना चाहती है। हालांकि Meta ने अभी यह साफ नहीं किया है कि कौन-कौन से फीचर्स हमेशा फ्री रहेंगे और कौन से सिर्फ पैसे देने वालों को मिलेंगे।
सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा बदलाव
आपको बता दें कि टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फैसला सोशल मीडिया इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है। अब Meta सिर्फ विज्ञापन आधारित कंपनी नहीं रहना चाहती, बल्कि Netflix, YouTube Premium और X Premium की तरह सब्सक्रिप्शन मॉडल पर भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
यानी आने वाले समय में सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी मोबाइल रिचार्ज की तरह “मंथली प्लान” वाला अनुभव बन सकता है।