विमल इलायची मामले में शाहरुख़-अजय-टाइगर की बढ़ी मुश्किलें!: FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे बोले- 'स्टार आपके लिए होंगे, मेरे लिए कानून तोड़ने वाले...होगी कार्रवाई', जानिए पूरा मामला?
विमल इलायची मामले में शाहरुख़-अजय-टाइगर की बढ़ी मुश्किलें!

महाराष्ट्र/बॉलीवुड : महाराष्ट्र में पान मसाला के कथित भ्रामक विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के तीन बड़े नाम शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ चर्चा में हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने साफ कहा है कि सेलिब्रिटी होने के बावजूद विज्ञापन से जुड़े नियमों की जिम्मेदारी से कोई मुक्त नहीं है। एक टीवी इंटरव्यू में मुंडे ने कहा कि आम लोगों के लिए ये अभिनेता स्टार हो सकते हैं, लेकिन कानून की नजर में वे विज्ञापन करने वाले हैं और अगर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

तीनों अभिनेताओं को भेजा गया था नोटिस

आपको बता दें कि विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर महाराष्ट्र FDA ने तीनों अभिनेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी किया था। विभाग की ओर से उनसे विज्ञापन को लेकर अपना पक्ष रखने को कहा गया था। FDA का आरोप है कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मुंडे के मुताबिक, तीनों को जवाब देने के लिए समय दिया गया था। उन्होंने बताया कि दो अभिनेताओं की ओर से जवाब प्राप्त हुआ है, जबकि एक अभिनेता की ओर से जवाब नहीं मिलने के कारण आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, उन्होंने संबंधित अभिनेता का नाम सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया।

‘जिम्मेदारी सिर्फ कंपनी की नहीं’

गौरतलब है कि इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि किसी विवादित या नियमों के दायरे में आने वाले उत्पाद का विज्ञापन करने वाले सेलिब्रिटी की कितनी जिम्मेदारी होती है। मुंडे ने इसी मुद्दे पर कहा कि विज्ञापन करने वाला व्यक्ति यह कहकर पूरी जिम्मेदारी से अलग नहीं हो सकता कि उत्पाद कंपनी ने बनाया है। उनके मुताबिक, खाद्य उत्पादों से जुड़े विज्ञापनों में एंडोर्सर की जिम्मेदारी को लेकर भी नियम मौजूद हैं। FDA कमिश्नर ने संकेत दिया कि विज्ञापन करने वाले व्यक्ति को भी उस उत्पाद और उसके दावों के बारे में पर्याप्त सावधानी बरतनी चाहिए।

दो अभिनेताओं के जवाब पर होगी सुनवाई

मुंडे ने बताया कि जिन दो अभिनेताओं ने नोटिस का जवाब दिया है, उनके जवाब को विभाग की प्रक्रिया के तहत देखा जाएगा। वहीं, जिस अभिनेता ने जवाब नहीं दिया है, उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। अभिनेताओं की ओर से कथित तौर पर विज्ञापन की जिम्मेदारी कंपनी पर डालने की बात सामने आई है। अब FDA यह देखेगा कि संबंधित विज्ञापन और उसमें शामिल लोगों की भूमिका खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के दायरे में आती है या नहीं।

सेलिब्रिटी विज्ञापनों पर फिर उठे सवाल

विदित है कि यह मामला एक बार फिर सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट को लेकर बहस सामने लाता है। बड़े सितारों के विज्ञापनों का आम लोगों पर प्रभाव माना जाता है, इसलिए ऐसे विज्ञापनों में उत्पाद की प्रकृति और उसके दावों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दिया जाता रहा है।

फिलहाल FDA की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित अभिनेताओं के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है। मुंडे के बयान से इतना जरूर साफ है कि विभाग इस मामले में केवल कंपनी तक सीमित रहने के बजाय विज्ञापन से जुड़े अन्य पक्षों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

अन्य खबरे