नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (Unreserved) टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण नियम स्पष्ट किए हैं। अब यात्रा के दौरान सिर्फ WhatsApp पर आया टिकट, स्क्रीनशॉट या किसी अन्य माध्यम से शेयर किया गया टिकट मान्य नहीं होगा। यदि टिकट RailOne ऐप से बुक किया गया है, तो यात्रा के समय उसी ऐप में मौजूद मूल टिकट दिखाना अनिवार्य होगा।
WhatsApp और स्क्रीनशॉट वाला टिकट नहीं होगा मान्य
रेलवे के अनुसार कई यात्री टिकट का स्क्रीनशॉट या WhatsApp पर शेयर किया गया टिकट दिखाकर यात्रा करते हैं। अब इस व्यवस्था को मान्य नहीं माना जाएगा। टिकट जांच के दौरान केवल RailOne ऐप में उपलब्ध मूल डिजिटल टिकट ही स्वीकार किया जाएगा। अन्य किसी माध्यम से दिखाया गया टिकट अमान्य माना जा सकता है।
रजिस्टर्ड मोबाइल साथ रखना होगा जरूरी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यदि आपने RailOne ऐप से टिकट बुक किया है, तो जिस मोबाइल नंबर और डिवाइस से टिकट बुक किया गया है, वही रजिस्टर्ड मोबाइल यात्रा के दौरान आपके पास होना चाहिए। टिकट जांच के समय उसी मोबाइल में लॉग-इन टिकट दिखाना होगा।
फोटो पहचान पत्र भी रखना होगा साथ
गौरतलब है क़ि रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल टिकट दिखाना पर्याप्त नहीं होगा। यात्रियों को अपने साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या कोई अन्य वैध फोटो पहचान पत्र भी रखना होगा। टिकट और पहचान पत्र का मिलान होने के बाद ही यात्रा वैध मानी जाएगी।
नियम तोड़ने पर हो सकती है कार्रवाई
यदि कोई यात्री WhatsApp, स्क्रीनशॉट या किसी अन्य माध्यम से टिकट दिखाता है और मूल टिकट प्रस्तुत नहीं कर पाता, तो रेलवे नियमों के अनुसार उसे बिना वैध टिकट का यात्री माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में जुर्माना लगाया जा सकता है और आवश्यक होने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए उठाया गया कदम
विदित है क़ि रेलवे का कहना है कि WhatsApp और स्क्रीनशॉट के जरिए टिकट साझा कर फर्जीवाड़े की आशंका रहती है। इसी वजह से अब केवल RailOne ऐप में उपलब्ध मूल टिकट और रजिस्टर्ड मोबाइल को ही वैध माना जाएगा। इससे टिकटों के दुरुपयोग पर रोक लगाने और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करते हैं, तो यात्रा से पहले यह सुनिश्चित करें कि आपके मोबाइल में ऐप लॉग-इन हो, टिकट उपलब्ध हो, मोबाइल की बैटरी पर्याप्त हो और आपके पास वैध फोटो पहचान पत्र भी मौजूद हो। इससे टिकट जांच के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।