अब बिना इंटरनेट भी मोबाइल पर आएगा आपदा अलर्ट!: सरकार ने लॉन्च किया ‘सचेत’ सिस्टम, जानिए कैसे काम करेगा ये सिस्टम और क्यों हैं ये इतना जरूरी_एक नजर
अब बिना इंटरनेट भी मोबाइल पर आएगा आपदा अलर्ट!

नई दिल्ली : देश में आपदा प्रबंधन को लेकर एक बड़ा और हाईटेक कदम उठाया गया है। अब अगर कहीं बाढ़, भूकंप, तूफान या कोई बड़ी आपात स्थिति आती है, तो आपको तुरंत मोबाइल पर अलर्ट मिलेगा; वो भी बिना इंटरनेट के। केंद्र सरकार ने ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम (सचेत)’ लॉन्च कर दिया है, जो हर नागरिक तक सेकंडों में चेतावनी पहुंचाएगा।

अचानक बीप… और स्क्रीन पर “Extremely Severe Alert”!

शनिवार सुबह देशभर में करोड़ों लोगों के मोबाइल पर अचानक तेज बीप की आवाज गूंजी। स्क्रीन पर लाल रंग में चेतावनी “Extremely Severe Alert” फ्लैश हुई। कुछ पल के लिए लोग घबरा गए, लेकिन यह असल में एक टेस्ट मैसेज था जो भारत की नई आपदा चेतावनी तकनीक की शुरुआत का संकेत था।

क्या है ‘सचेत’ सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम?

यह एक स्वदेशी आपदा चेतावनी प्रणाली है। यह बिना इंटरनेट के भी मोबाइल पर मैसेज भेजेगी। सिर्फ प्रभावित इलाके के लोगों तक अलर्ट पहुंचेगा। हिंदी, अंग्रेजी के साथ क्षेत्रीय भाषाओं में भी संदेश दिया जायेगा। यानी जहां खतरा, वहीं तुरंत अलर्ट मिलेगा वो भी बिल्कुल सटीक और तेज।

किन संस्थाओं ने मिलकर बनाया सिस्टम?

आपकी जानकारी के लिये बता दें कि इस हाईटेक सिस्टम को National Disaster Management Authority (NDMA) और Centre for Development of Telematics (C-DOT) ने मिलकर विकसित किया है। यह पूरा सिस्टम कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल होता है।

इंटरनेट नहीं? फिर भी मिलेगा अलर्ट!

विदित है कि इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत मोबाइल में इंटरनेट न हो, तब भी काम करेगा, SMS की तरह नहीं, बल्कि सेल ब्रॉडकास्ट टेक्नोलॉजी से संदेश पहुंचेगा। नेटवर्क पर लोड नहीं पड़ेगा, इसलिए भीड़ में भी अलर्ट मिलेगा। यानी आप कहीं भी हों—गांव, शहर या पहाड़; अलर्ट आप तक जरूर पहुंचेगा।

किन परिस्थितियों में मिलेगा अलर्ट?

यह सिस्टम बाढ़, भूकंप, चक्रवात, भारी बारिश या बिजली गिरने की चेतावनी, राष्ट्रीय सुरक्षा या आपातकालीन स्थिति और अन्य जन-सुरक्षा से जुड़े खतरे की स्थितियों में काम करेगा। लक्ष्य साफ है कि समय रहते चेतावनी मिले, ताकि जान-माल की हानि कम हो सके।

क्यों जरूरी है ये सिस्टम?

गौरतलब है कि भारत जैसे बड़े और विविध भौगोलिक देश में हर जगह इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता। आपदा आने पर सूचना देर से पहुंचती थी। अब यह सिस्टम उस गैप को खत्म करेगा और रियल-टाइम अलर्ट देगा।

‘सचेत’ सिर्फ एक तकनीक नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा ढाल है। अब आपदा आने से पहले ही मोबाइल चेतावनी देगा ताकि हर नागरिक सतर्क रहे और सुरक्षित रहे। साफ है कि भारत अब आपदा प्रबंधन में टेक्नोलॉजी के दम पर एक नया अध्याय लिख रहा है।

अन्य खबरे