यूपी में वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर!: 1 अगस्त से पेपर RC होंगी बंद, मिलेगी QR कोड और चिप वाली स्मार्ट RC...जानें स्मार्ट RC मिलने की प्रक्रिया और इस बदलाव के फायदे
यूपी में वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में वाहन पंजीकरण व्यवस्था अब पूरी तरह आधुनिक होने जा रही है। राज्य सरकार ने पेपर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) की जगह QR कोड और इलेक्ट्रॉनिक चिप से लैस स्मार्ट कार्ड RC जारी करने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी है। इससे वाहन मालिकों को सुरक्षित, टिकाऊ और आसानी से सत्यापित होने वाली डिजिटल तकनीक से लैस आरसी मिलेगी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने इस योजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग का लक्ष्य तय समय के भीतर सभी तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी कर नई प्रणाली शुरू करना है।

पेपर आरसी की जगह मिलेगी हाईटेक स्मार्ट RC

आपको बता दें कि अब तक उत्तर प्रदेश में वाहन खरीदने के बाद कागज पर छपी आरसी जारी की जाती थी। यह समय के साथ फटने, खराब होने या खो जाने का खतरा रहता था। नई व्यवस्था में इसकी जगह प्लास्टिक कार्ड के रूप में स्मार्ट आरसी मिलेगी, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक चिप और QR कोड होगा। इस स्मार्ट कार्ड में वाहन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज रहेगी, जिसे जरूरत पड़ने पर QR कोड स्कैन करके या चिप के माध्यम से तुरंत सत्यापित किया जा सकेगा।

क्या होंगे स्मार्ट RC के फायदे?

नई स्मार्ट आरसी लागू होने के बाद वाहन मालिकों को कई सुविधाएं मिलेंगी।

  • कागज की आरसी खराब होने या फटने की समस्या खत्म होगी।

  • QR कोड स्कैन कर वाहन की जानकारी तुरंत देखी जा सकेगी।

  • इलेक्ट्रॉनिक चिप के कारण सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत होगी।

  • फर्जी आरसी और दस्तावेजों में छेड़छाड़ की संभावना कम होगी।

  • ट्रैफिक जांच और वाहन सत्यापन की प्रक्रिया तेज और आसान होगी।

  • कार्ड को पर्स में आसानी से रखा जा सकेगा।

ऐसे मिलेगा स्मार्ट कार्ड RC

विदित है कि परिवहन विभाग के अनुसार स्मार्ट आरसी प्राप्त करने के लिए वाहन मालिकों को संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ भारत सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्मार्ट कार्ड आरसी जारी कर दी जाएगी।

25 जुलाई तक पूरी होंगी तैयारियां

परिवहन विभाग ने इस योजना को समय पर लागू करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPLC) जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से वेंडर चयन की प्रक्रिया पूरी करेगा।

  • अगले 10 दिनों में बिडिंग प्रक्रिया पूरी होगी।

  • उपयुक्त एजेंसी का चयन कर ट्रायल किया जाएगा।

  • लगभग 15 दिनों में पूरी व्यवस्था तैयार कर ली जाएगी।

  • 25 जुलाई तक सभी आवश्यक मशीनें और तकनीकी उपकरण स्थापित कर दिए जाएंगे।

  • 1 अगस्त 2026 से पूरे उत्तर प्रदेश में स्मार्ट आरसी जारी करने की शुरुआत कर दी जाएगी।

10 साल बाद धरातल पर उतरेगी योजना

स्मार्ट कार्ड आरसी लागू करने की योजना पिछले कई वर्षों से लंबित थी। अब करीब एक दशक बाद इसे अमल में लाया जा रहा है। इससे प्रदेश की वाहन पंजीकरण व्यवस्था अधिक आधुनिक, सुरक्षित और डिजिटल बनेगी।

ड्राइविंग लाइसेंस के बाद अब RC भी होगी स्मार्ट

उत्तर प्रदेश में पहले ही स्मार्ट कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। अब उसी तर्ज पर वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। इससे परिवहन विभाग की सेवाएं पूरी तरह डिजिटल और तकनीक आधारित होने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।

वाहन मालिकों को मिलेगा सीधा फायदा

नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन मालिकों को बार-बार पेपर आरसी संभालने की परेशानी नहीं होगी। डिजिटल तकनीक से लैस स्मार्ट कार्ड आरसी न केवल सुरक्षित होगी, बल्कि वाहन संबंधी जानकारी की जांच भी पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगेगी और परिवहन सेवाएं अधिक सुविधाजनक बनेंगी।

अन्य खबरे