लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर को एक बड़ा तोहफा मिला है। यूपी रेरा ने राज्य के 10 जिलों में 15 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 1270.48 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 3102 आवासीय व व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह फैसला यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित 201वीं प्राधिकरण बैठक में लिया गया।
जिलावार निवेश और इकाइयां
गौतम बुद्ध नगर (नोएडा):
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में सबसे अधिक 507.77 करोड़ रुपये का निवेश होगा। यहां दो आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 380 आवासीय और 169 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण होगा।
लखनऊ :
लखनऊ में 90.77 करोड़ रुपये की लागत से कुल चार परियोजनाएं मंजूर की गईं। इनके तहत 330 आवासीय और 348 व्यावसायिक इकाइयां विकसित की जाएंगी।
मुरादाबाद :
मुरादाबाद में 335.77 करोड़ रुपये की लागत की एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके अंतर्गत 627 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा।
बदायूं:
गौरतलब है कि बदायूं में 72 करोड़ रुपये की लागत की एक आवासीय परियोजना स्वीकृत हुई है, जिसमें 226 आवासीय इकाइयां बनेंगी।
गाजियाबाद:
गाजियाबाद में 122.18 करोड़ रुपये की लागत की एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 330 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण होगा।
गोरखपुर :
गोरखपुर में 41.50 करोड़ रुपये की लागत की एक व्यावसायिक परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत 292 व्यावसायिक इकाइयां विकसित की जाएंगी।
वाराणसी :
वाराणसी में 36.68 करोड़ रुपये की लागत से एक आवासीय परियोजना मंजूर की गई है, जिसमें 98 आवासीय इकाइयों का विकास होगा।
मेरठ :
मेरठ में 20.25 करोड़ रुपये की लागत की एक आवासीय परियोजना में 76 आवासीय इकाइयां बनेंगी।
प्रयागराज :
प्रयागराज में 31.19 करोड़ रुपये की लागत की एक आवासीय परियोजना में 99 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी।
मुजफ्फरनगर :
मुजफ्फरनगर में 12.37 करोड़ रुपये की लागत की एक आवासीय परियोजना में 127 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि इन परियोजनाओं में 1270.48 करोड़ रुपये से अधिक का कुल निवेश निर्माण चरण के दौरान रोजगार के अवसर उत्पन्न करेगा। निर्माण सामग्री, श्रम, इंजीनियरिंग सेवाओं, परिवहन और अन्य संबंधित क्षेत्रों में मांग बढ़ने से संबंधित जिलों की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
घर खरीदारों के लिए राहत
गौरतलब है कि इन परियोजनाओं के मंजूर होने से न सिर्फ निवेशकों को नए अवसर मिलेंगे, बल्कि आम लोगों को भी अपने सपनों का घर खरीदने के नए विकल्प उपलब्ध होंगे। यूपी रेरा का कहना है कि वह समयबद्ध अनुमोदन, कड़ी निगरानी और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए राज्य में संतुलित शहरी विकास को आगे बढ़ाता रहेगा।
नोएडा से लखनऊ, गाजियाबाद से गोरखपुर तक… उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट का नया अध्याय शुरू हो गया है। 1270 करोड़ के निवेश से बनने वाले 3100 से अधिक फ्लैट और दुकानें न सिर्फ शहरों की तस्वीर बदलेंगी, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी देंगी। यूपी रेरा के इस फैसले से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब देखना यह है कि ये परियोजनाएं कितनी जल्दी जमीन पर उतरती हैं।