यूपी चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा राजनीतिक संदेश!: सपा-कांग्रेस में बढ़ती तकरार के बीच सहयोगियों को दी नसीहत- बात सीट की नहीं, जीत की...जानिए क्या हैं इस संदेश के सियासी मायने?
यूपी चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा राजनीतिक संदेश!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें किस पार्टी को मिलती हैं या कौन सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा जरूरी यह है कि गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब मकसद साफ हो तो साथ चलना आसान होता है और निगाह मंजिल पर हो तो सफर भी आसान हो जाता है। इसके बाद उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा—“बात सीट की नहीं, जीत की है।”

सीट बंटवारे पर बढ़ती खींचतान के बीच आया बयान

आपको बता दें कि अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच चुनावी तालमेल को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। दोनों दलों के नेताओं की ओर से समय-समय पर सीटों और गठबंधन को लेकर बयान सामने आते रहे हैं। कांग्रेस की ओर से कई नेता अधिक सीटों की मांग को लेकर अपनी बात रख चुके हैं, वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी सहयोगियों को गठबंधन की रणनीति के अनुरूप चलने का संदेश दिया जा रहा है। ऐसे माहौल में अखिलेश का बयान सीटों की संख्या पर सीधी बहस से हटकर गठबंधन की व्यापक चुनावी रणनीति पर जोर देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

“जीत गठबंधन के दलों से बढ़कर होगी”

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि चुनावी जीत केवल किसी एक पार्टी की जीत नहीं होगी, बल्कि यह उन सभी लोगों के संयुक्त प्रयास की जीत होगी जो लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन की कोशिश का उद्देश्य सांप्रदायिकता को रोकना और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा करना है। उन्होंने देश में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली की बात भी कही। अपने संदेश के अंत में सपा प्रमुख ने “जय संविधान-जय हिंदुस्तान” लिखा।

कांग्रेस के नए नेतृत्व के बाद बढ़ी नजर

यूपी कांग्रेस में हाल में संगठनात्मक बदलाव भी हुआ है। पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है, जबकि इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। ऐसे में अब कांग्रेस और सपा के बीच चुनावी तालमेल को लेकर नए समीकरणों पर भी नजर है। कांग्रेस की नई टीम के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ गठबंधन की बातचीत को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। वहीं समाजवादी पार्टी भी अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में अधिक सीटों पर दावा मजबूत रखना चाहेगी।

बीजेपी ने साधा निशाना

विदित है कि अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा-कांग्रेस के रिश्तों पर तंज कसते हुए दोनों दलों के बीच मतभेदों का दावा किया। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के नेताओं की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं और इसे गठबंधन की अंदरूनी खींचतान का संकेत बताया। बीजेपी की ओर से सपा-कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों दलों की ओर से गठबंधन की संभावनाओं को लेकर अपने-अपने स्तर पर बातचीत और राजनीतिक संदेश जारी हैं।

अब असली परीक्षा सीट बंटवारे पर

अखिलेश यादव ने भले ही साफ कर दिया हो कि “बात सीट की नहीं, जीत की है”, लेकिन चुनावी राजनीति में सीटों का बंटवारा ही गठबंधन की जमीन को मजबूत या कमजोर कर सकता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सपा और कांग्रेस अपने-अपने दावों से कितना पीछे हटते हैं और कितनी सीटों पर सहमति बनती है। यूपी चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच तालमेल की तस्वीर जैसे-जैसे साफ होगी, यह भी पता चलेगा कि अखिलेश का “जीत पहले, सीट बाद में” वाला संदेश जमीन पर कितना असर डालता है।

अन्य खबरे