योगी के नेतृत्व में ही BJP लड़ेगी 2027 विधानसभा चुनाव!: संघ-भाजपा की बैठक में दिया गया साफ निर्देश, दलित-पिछड़ों पर फोकस सहित अब BJP करेगी इन रणनीतियों पर काम, जानिए पूरा प्लान
योगी के नेतृत्व में ही BJP लड़ेगी 2027 विधानसभा चुनाव!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में हुई संघ-भाजपा समन्वय बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में योगी आदित्यनाथ को चुनावी अभियान का प्रमुख चेहरा बनाए रखने की बात सामने आई, जबकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

जमीनी स्थिती की ली गयी जानकारी :

आपको बता दें कि बैठक में संघ पदाधिकारियों से अलग-अलग क्षेत्रों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली गई। किन इलाकों में संगठन मजबूत है, कहां कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और किन मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष है, इन सभी पहलुओं पर फीडबैक लिया गया। सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों को लेकर शिकायतें और कार्यकर्ताओं तथा प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत भी चर्चा में रही।

योगी के नेतृत्व पर फोकस

गौरतलब है कि बैठक से जुड़ी रिपोर्टों के मुताबिक, भाजपा के चुनावी अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका केंद्रीय रहेगी। हालांकि, संगठन के सामने चुनौती केवल मुख्यमंत्री की छवि तक सीमित नहीं रखी गई। स्थानीय स्तर पर सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, कार्यकर्ताओं की शिकायतों का समाधान और जनता तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

दलित और पिछड़े वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी

2027 के चुनाव से पहले सामाजिक संपर्क बढ़ाने पर भी मंथन हुआ। खास तौर पर दलित और पिछड़े वर्गों के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने की जरूरत बताई गई। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि अलग-अलग सामाजिक समूहों तक केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार संपर्क बनाए रखना जरूरी है।

सोशल मीडिया पर भी बदलेगा अंदाज

विदित है कि बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी खास चर्चा हुई। संगठन के पदाधिकारियों से कहा गया कि सोशल मीडिया गतिविधियां केवल नेताओं के कार्यक्रमों की तस्वीरें या पोस्ट साझा करने तक सीमित न रहें। स्थानीय मुद्दों, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को छोटे वीडियो, रील और पोस्ट के जरिए लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए डिजिटल माध्यम को महत्वपूर्ण माना गया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की कवायद

भाजपा की तैयारियों में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करना अहम हिस्सा रहेगा। आने वाले महीनों में अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रम बढ़ाए जाने की तैयारी है। पार्टी की ओर से 'सेवा संकल्प अभियान' जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी जमीनी संपर्क बढ़ाने की योजना सामने आई है।

सरकार और संगठन के बीच तालमेल पर जोर

इस पूरी कवायद में एक बड़ा मुद्दा सरकार और पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय का है। इससे पहले भी भाजपा की बैठकों में सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने पर चर्चा हो चुकी है।

यूपी की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां अब तेज हो रही हैं। संघ-भाजपा की ताजा बैठक को इसी व्यापक संगठनात्मक तैयारी की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले महीनों में क्षेत्रवार बैठकें, कार्यकर्ता संपर्क और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।

अन्य खबरे