मुलायम दौर की ये पुरानी चुनावी परंपरा बदलने जा रहे हैं अखिलेश!: 2027 में यूपी के 75 जिलों के लिए 75 घोषणा पत्र करेंगे जारी, वहीं युवाओं को...जानिए हर जिले के लिए क्या होगी खास रणनीति?
मुलायम दौर की ये पुरानी चुनावी परंपरा बदलने जा रहे हैं अखिलेश!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी एक ऐसा चुनावी प्रयोग करने की तैयारी में है, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। पार्टी की रणनीति के मुताबिक इस बार पूरे प्रदेश के लिए सिर्फ एक घोषणा पत्र जारी करने के बजाय हर जिले के लिए अलग चुनावी एजेंडा तैयार करने की योजना है। यानी यूपी के 75 जिलों के लिए 75 अलग घोषणा पत्र। अगर यह योजना पूरी तरह लागू होती है तो सपा की चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मुलायम सिंह यादव के दौर से पार्टी आम तौर पर पूरे प्रदेश को ध्यान में रखकर एक मुख्य घोषणा पत्र तैयार करती रही है। अब अखिलेश यादव स्थानीय मुद्दों को सीधे चुनावी एजेंडे के केंद्र में लाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

‘प्रदेश में क्या करेंगे’ से ‘आपके जिले में क्या करेंगे’ तक

आपको बता दें कि नई रणनीति का सबसे बड़ा फोकस स्थानीय समस्याओं पर होगा। पार्टी की कोशिश होगी कि मतदाता से सिर्फ प्रदेश स्तरीय वादों की बात न हो, बल्कि उसके अपने जिले की सड़क, पानी, बिजली, रोजगार, अस्पताल, स्कूल और उद्योग जैसी समस्याओं पर सीधे बात की जाए। इसके लिए जिला स्तर के पदाधिकारियों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटाने को कहा गया है। रोजगार और उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य, पर्यटन व परिवहन, पुल और सड़क निर्माण तथा किसानों और स्थानीय कारोबारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने की बात सामने आई है।

पश्चिमी यूपी से बुंदेलखंड तक अलग-अलग एजेंडा

गौरतलब है कि यूपी बहुत बड़ा और विविधताओं वाला राज्य है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गन्ना, आलू, डेयरी और उद्योग महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जबकि बुंदेलखंड के जिलों में पानी और सिंचाई की समस्या ज्यादा अहम है। पूर्वांचल के जिलों में कृषि, छोटे उद्योग और रोजगार से जुड़े सवाल अलग हैं। ऐसे में जिलेवार घोषणा पत्र के जरिए सपा हर इलाके के लिए अलग प्राथमिकताएं तय करने की कोशिश कर सकती है।

स्थानीय उद्योगों को भी मिल सकती है जगह

प्रस्तावित रणनीति में जिले के पारंपरिक उद्योग और स्थानीय कारोबार भी अहम हिस्सा बन सकते हैं। उदाहरण के तौर पर कन्नौज का इत्र, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, सहारनपुर का लकड़ी का कारोबार और पूर्वांचल के बुनकरों से जुड़े मुद्दों को स्थानीय एजेंडे में शामिल किया जा सकता है। पार्टी बड़े प्रोजेक्ट्स को रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दे सकती है, ताकि विकास के वादे सीधे स्थानीय युवाओं और कारोबारियों से जुड़े नजर आएं।

युवाओं पर भी खास नजर

विदित है कि 2027 के चुनाव को देखते हुए युवा मतदाताओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकता है। रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, कौशल विकास केंद्र, नए शिक्षण संस्थान और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर जैसे मुद्दे जिलेवार घोषणा पत्र का हिस्सा बन सकते हैं।

क्या यह रणनीति सपा को दिलाएगी फायदा?

75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र तैयार करना आसान काम नहीं होगा। हर जिले की समस्याओं को समझना, उन्हें प्राथमिकता देना और फिर व्यावहारिक योजनाओं में बदलना पार्टी के सामने बड़ी चुनौती होगी।

लेकिन अगर सपा इस योजना को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करती है, तो चुनाव प्रचार का अंदाज जरूर बदल सकता है। एक बड़े प्रदेश के लिए एक घोषणा पत्र के बजाय 75 जिलों की 75 अलग जरूरतों को आवाज देने का यह प्रयोग 2027 की यूपी की चुनावी जंग में कितना असरदार साबित होगा, इस पर अब सबकी नजर रहेगी।

अन्य खबरे