यूपी में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल!: 182 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के SDM बदले, शुभम यादव को बुलंदशहर तो वहीं नोएडा में.... देखें महत्वपूर्ण लिस्ट?
यूपी में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल!

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 182 पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक बदलाव के तहत कई जिलों के उपजिलाधिकारियों (SDM) को नई तैनाती दी गई है, जबकि कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

कई जिलों के SDM बदले, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं

आपकी जानकारी के लिए बता दें क़ि तबादला सूची में प्रदेश के कई जिलों के एसडीएम बदले गए हैं। कई अधिकारियों को दूसरे जिलों में भेजा गया है, जबकि कुछ को विशेष प्रशासनिक पदों पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव देखने को मिलेगा।

इन अधिकारियों को मिली नई तैनाती

गौरतलब है क़ि सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सुरभि शर्मा को कानपुर देहात से स्थानांतरित कर बागपत का एसडीएम बनाया गया है। पुष्पेंद्र पटेल को गाजीपुर से अंबेडकर नगर, शुभम यादव को उन्नाव से बुलंदशहर और प्रतिभा मिश्रा को वाराणसी से कानपुर देहात भेजा गया है। वहीं गोपाल शर्मा को मैनपुरी से बरेली, मिथलेश कुमार तिवारी को रायबरेली से मैनपुरी तथा पुष्परनाथ चौधरी को अमरोहा से उन्नाव की जिम्मेदारी दी गई है।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी में भी बड़ा बदलाव

हाथरस में तैनात लवलीत कौर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) बनाया गया है। इसके अलावा वीर सिंह को अलीगढ़ से रायबरेली, अवधेश कुमार निगम को देवरिया से फिरोजाबाद, दीपिका मेहरा को मथुरा से शामली और सचिन राजपूत को आगरा से शामली भेजा गया है।

कई अन्य जिलों में भी बदली तैनाती

विदित है क़ि राम जनम यादव को बरेली से हरदोई, देवेंद्र प्रताप सिंह को यूपीडा (UPEIDA) से झांसी, प्रज्ञा पाण्डेय को उन्नाव से बाराबंकी, अजेंद्र सिंह को कौशांबी से उन्नाव तथा नरेंद्र कुमार गंगवार को आजमगढ़ से आगरा स्थानांतरित किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का फोकस

सरकार का मानना है कि समय-समय पर अधिकारियों का स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जरूरी होता है। नए अधिकारियों की तैनाती से विभिन्न जिलों में प्रशासनिक कार्यों में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

तबादला सूची जारी होने के साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को भी आदेश भेज दिए गए हैं ताकि नई व्यवस्था जल्द लागू की जा सके।

पिछले साल भी हुआ था बड़ा फेरबदल

गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए थे। पिछले वर्ष जून में 127 पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया गया था। इस बार 182 अधिकारियों के एक साथ स्थानांतरण को हाल के वर्षों का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

अन्य खबरे