लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होली, रमजान, नवरोज और ईद जैसे बड़े पर्वों से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई होगी, जो पूरे प्रदेश के लिए नजीर बनेगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संवेदनशील समय, अधिकारियों को हाई अलर्ट रहने के निर्देश
आपको बता दें कि शनिवार देर शाम हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी दिनों में त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं के कारण स्थिति संवेदनशील रहेगी। ऐसे में बीते वर्षों की घटनाओं से सबक लेते हुए पहले से मजबूत व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी समाज में तनाव या विद्वेष फैलाने की घटना होती है, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और शोभायात्राओं के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पीस कमेटी बैठक और होलिका दहन पर विशेष नजर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में पीस कमेटी और होलिका दहन समितियों की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों, ताकि त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होलिका दहन केवल सुरक्षित और निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। किसी भी प्रकार के अभद्र गीत-संगीत या ऐसे कृत्य की अनुमति नहीं होगी, जिससे किसी समुदाय या व्यक्ति की भावनाएं आहत हों। ऐसे में सख्त जेल की सजा भी हो सकती है।
सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने लोकल इंटेलिजेंस सिस्टम को और मजबूत करने और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। फर्जी अकाउंट, अफवाह और भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। प्रशासन को निर्देश है कि किसी भी अफवाह का तुरंत खंडन कर स्थिति को नियंत्रण में रखा जाए।
लाउडस्पीकर और ध्वनि प्रदूषण पर भी सख्ती
ध्वनि प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकर हटाए जाएं। धर्मस्थलों पर लगे ऐसे उपकरणों को संवाद और सहमति से हटाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
होली पर अतिरिक्त बसें, मनमाना किराया वसूला तो होगी कार्रवाई
विदित है कि त्योहारों में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल फिटनेस मानकों पर खरी उतरने वाली बसों को ही सड़कों पर उतारा जाए। निजी बस ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूले जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अधिकारियों को फील्ड में उतरकर आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा जेल की हवा खाने को तैयार रहें।
बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को निर्देश दिया कि त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और अनावश्यक कटौती न हो। इसके साथ ही पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कहीं भी अवैध या जहरीली शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
सरकार का साफ संदेश है कि त्योहार खुशियों के लिए हैं, अराजकता के लिए नहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि त्योहार भाईचारे, खुशी और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। कोई भी व्यक्ति अगर इन पर्वों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। प्रशासन और पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।