लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को किसानों के लिए एक के बाद एक कई बड़े वादे कर डाले। पार्टी मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गाजियाबाद में आयोजित 'विजन इंडिया' कार्यक्रम में उन्होंने किसान संवाद को संबोधित किया और 2027 के चुनाव के लिए अपनी रणनीति साफ कर दी।
24 घंटे में गन्ना भुगतान का वादा
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि अखिलेश यादव ने सबसे बड़ा वादा करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि किसान की पर्ची कटते ही उसके खाते में पैसा आ जाएगा। इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपये का किसान रिवाल्विंग फंड बनाया जाएगा।
दूध सहित 23 फसलों पर MSP का ऐलान
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार आने पर 23 फसलों के साथ-साथ दूध को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के दायरे में लाया जाएगा। यानी किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
किसानों के लिए लोन माफ का रास्ता
गौरतलब है कि अखिलेश ने यह भी कहा कि जो किसान लोन लेते हैं, उनके लिए एग्रीकल्चर डेब्ट रिलीफ एक्ट बनाया जाएगा। इस एक्ट के जरिए यह तय किया जाएगा कि किसानों के लोन माफ करने का रास्ता कैसे निकाला जाए।
'स्मार्ट गांव' बनाने का विजन
आपको बता दें कि अखिलेश ने कहा कि जब स्मार्ट सिटी बन सकते हैं तो स्मार्ट गांव क्यों नहीं बन सकते? उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर गांवों को स्मार्ट बनाया जाएगा। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में बनाए गए 'सोलर गांव' का उदाहरण देते हुए कहा कि उस गांव में हर काम के लिए बिजली फ्री थी। आगे भी ऐसे ही गांव बनाए जाएंगे।
भाजपा पर जमकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका से डील के बाद बड़े पैमाने पर कृषि उत्पाद भारत आ रहे हैं, जिससे देश का किसान संकट में चला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को लूट रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सपा सरकार में लखनऊ में बनाया गया किसान बाजार और किसान होटल भाजपा ने बेच दिया।
गाजीपुर प्रकरण पर भी बोले
विदित है कि गाजीपुर मामले पर अखिलेश ने कहा कि जिस गरीब की बेटी की जान गई, उसे भाजपा के नेता लालच का दबाव दे रहे हैं। उसके घर पुलिस बैठी है। उन्होंने भाजपा को 'गिद्ध पार्टी' बताते हुए कहा कि वे हर घटना को जातीय एंगल देते हैं।
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर काम करने का निर्देश
चुनावी सर्वे पर अखिलेश ने कहा कि सर्वे चुनाव नहीं जिताएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर काम करें। उनका कहना है कि सर्वे कौन करा रहा है, किसी को पता नहीं है। असली जीत बूथ स्तर पर काम करने से ही मिलेगी।
अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव से पहले किसानों को लुभाने के लिए बड़ा दांव खेल दिया है। 24 घंटे में गन्ना भुगतान, 23 फसलों पर MSP, स्मार्ट गांव और किसान लोन माफ का वादा; ये सभी ऐसे मुद्दे हैं जो यूपी की किसान बहुल आबादी पर सीधा असर डालेंगे। अब देखना यह है कि क्या ये वादे जमीन पर उतर पाते हैं या चुनावी घोषणाओं तक सीमित रह जाते हैं। फिलहाल, सपा प्रमुख ने 2027 की लड़ाई का बिगुल बजा दिया है।