मुंबई/व्यक्तित्व : भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सात दशकों तक अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई।
बीमारी बनी अंतिम वजह
आपको बता दें कि परिवार के अनुसार उन्हें सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान की शिकायत थी। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों के अनुसार कई जटिल स्वास्थ्य समस्याओं के चलते स्थिति गंभीर हो गई थी।
कल होगा अंतिम संस्कार
गौरतलब है कि उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके निवास पर रखा जाएगा। शाम 4 बजे दादर के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा। यही स्थान उनकी बहन लता मंगेशकर की अंतिम विदाई का भी साक्षी रहा था।
संघर्ष से शिखर तक का सफर
विदित है कि 8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले ने बहुत कम उम्र में जीवन की कठिनाइयों का सामना किया। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने गायन शुरू किया। 1943 में मराठी फिल्म से करियर की शुरुआत हुई और 1948 में हिंदी फिल्मों में प्रवेश मिला। इसके बाद उनका सफर लगातार आगे बढ़ता गया और वे भारतीय संगीत की सबसे बड़ी हस्तियों में शामिल हो गईं।
हर सुर, हर भाषा पर रही पकड़
आपको बता दें कि आशा भोसले ने अपने करियर में 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। रोमांटिक, ग़ज़ल, पॉप, आइटम सॉन्ग; हर शैली में उनकी पकड़ अद्भुत रही।
“दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा”, “इन आंखों की मस्ती” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे गीत आज भी लोगों की जुबान पर हैं।
कई अवार्ड से हुई सम्मानित
गौरतलब है कि आशा भोसले को उनके उत्कृष्ट संगीत गायन के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार सहित पद्म विभूषण, राष्ट्रीय पुरस्कार और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित किया गया।
देशभर से श्रद्धांजलि
भजन गायक अनूप जलोटा ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका जाना एक युग का अंत है। वहीं अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि उनकी आवाज हमेशा अमर रहेगी।
आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सिर्फ गाने नहीं गाए, बल्कि पीढ़ियों के दिलों में अपनी जगह बनाई। उनकी आवाज आने वाले समय में भी संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।