मनोरंजन : तमिल सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल थलापति विजय आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करने वाले विजय का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। कभी एक्टिंग और लुक्स को लेकर आलोचना झेलने वाले विजय आज दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे सफल और प्रभावशाली चेहरों में गिने जाते हैं। हाल ही मे हुए विधानसभा चुनाव में वे AIDMK और DMK को हराकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने।
विजय की सफलता नहीं थी आसान :
आपको बता दें कि फिल्मी परिवार से आने के बावजूद विजय के लिए सफलता की राह आसान नहीं थी। उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्मों के जाने-माने निर्देशक रहे हैं। बताया जाता है कि परिवार चाहता था कि विजय पढ़ाई के क्षेत्र में आगे बढ़ें, लेकिन उनका सपना फिल्मों में पहचान बनाने का था। आखिरकार पिता ने उन्हें फिल्मी दुनिया में मौका दिया। शुरुआती असफलताओं और आलोचनाओं के बावजूद विजय ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर स्टारडम हासिल किया।
सबसे ज्यादा 200 करोड़+ देने वाले तमिल एक्टर:
गौड़तलब है कि धीरे-धीरे विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई। उनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए। ‘मर्सल’, ‘सरकार’, ‘बिगिल’, ‘मास्टर’, ‘बीस्ट’, ‘वारिसु’, ‘लियो’ और ‘GOAT’ जैसी फिल्मों ने शानदार कमाई की और विजय को पैन इंडिया स्तर पर लोकप्रिय बनाया। वह 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली सबसे ज्यादा तमिल फिल्में देने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं। उनकी 8 तो रजनीकांत की सिर्फ 7 फिल्मों ने 200 करोड़+ का कारोबार किया है।
करियर के शिखर पर पहुँच कर राजनीति में रखा कदम :
विदित है कि करियर के शिखर पर पहुंचने के बाद विजय ने राजनीति में कदम रखकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी तमिझागा वेत्री कड़गम (TVK) की शुरुआत की और फिल्मों के बाद जनता के बीच नई भूमिका में उतरने का फैसला लिया। वे इस समय ₹648 करोड़ के घोषित सम्पत्ति के साथ देश के तीसरे सबसे अमीर CM हैं।
फैन से की शादी
विजय की निजी जिंदगी भी कई बार सुर्खियों में रही है। उनकी पत्नी संगीता स्वर्णलिंगम कभी उनकी बड़ी प्रशंसक थीं। दोनों की मुलाकात के बाद रिश्ता आगे बढ़ा और साल 1999 में शादी हुई। उनके दो बच्चे हैं। हालांकि बाद के वर्षों में उनके रिश्तों को लेकर कई चर्चाएं सामने आईं और निजी जीवन मीडिया की सुर्खियों में रहा। जिसमें एक्ट्रेस तृषा का नाम इनसे जुड़ा। उनकी पत्नी ने एक एक्ट्रेस से रिश्ते के आरोप में बेवफाई का आरोप लगाकर फ़रवरी 2026 में तलाक की अर्जी दी।
परिवारिक विवादों से भी जुड़ा नाम :
विजय का नाम पारिवारिक विवादों से भी जुड़ा। उनके पिता द्वारा फैन क्लब को राजनीतिक रूप देने की कोशिश के बाद विजय ने अपने नाम और तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर कानूनी कदम उठाया था। उन्होंने चेन्नई सिटी सिविल कोर्ट में माता-पिता समेत 11 लोगों पर केस कर दिया था, बाद में यह विवाद शांत हो गया।
बॉक्स ऑफिस पर रहे सुपरहिट :
फिल्मों में विजय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई की। दमदार अभिनय, डांस और खास अंदाज ने उन्हें फैंस के बीच ‘थलापति’ यानी नेता की पहचान दिलाई।
52वें जन्मदिन पर विजय के प्रशंसक उनके फिल्मी सफर, उपलब्धियों और नई राजनीतिक पारी का जश्न मना रहे हैं। संघर्ष से शुरुआत कर सुपरस्टार बनने तक और फिर राजनीति की राह चुनने तक विजय की कहानी आज लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनी हुई है।